वाह ! याद रहेगी मार्टिन गुप्टिल की ये महान पारी
वर्ल्ड कप 2015 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे मुकाबले में रिकॉर्ड 237 (नॉट आउट) पारी खेली और कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। इसके अलावा गुप्टिल की ये पारी वर्ल्ड कप 2015 की यादगार पारी बन गई।
वैलिंग्टन। वर्ल्ड कप 2015 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे मुकाबले में रिकॉर्ड 237 (नॉट आउट) पारी खेली और कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। इसके अलावा गुप्टिल की ये पारी वर्ल्ड कप 2015 की यादगार पारी बन गई।
गुप्टिल ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए
गुप्टिल किसी भी वर्ल्ड कप में व्यक्तिगत तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने इसी वर्ल्ड कप में क्रिस गेल की तरफ से बनाए गए 215 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इसके अलावा गुप्टिल न्यूजीलैंड की तरफ से वर्ल्ड कप के साथ-साथ वनडे में भी पहला दोहरा शतक बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। गुप्टिल अब वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी रोहित शर्मा (264) के बाद दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। रोहित के बाद वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी वीरेन्द्र सहवाग (219) थे अब गुप्टिल उनसे आगे निकल गए हैं और वो दूसरे नंबर पर आ गए हैं।
वर्ल्ड कप नॉकआउट मुकाबले में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
वर्ल्ड कप की बात करें तो अब गुप्टिल वर्ल्ड कप इतिहास के नॉक आउट मुकाबले में भी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। गुप्टिल से पहले ये रिकॉर्ड एडम गिलक्रिस्ट के नाम था जिन्होंने 2007 वर्ल्ड कप में श्रीलंका के खिलाफ 149 रन बनाए थे।