जब ग्लेन मैक्सवेल के तांडव से कांप गई थी दुनिया, एक टांग पर खड़े होकर जिताया था मैच; जानिए तूफानी बल्लेबाज के 5 बड़े कारनामे
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। उन्होंने अपने करियर में ...और पढ़ें
-1793678233553_m.webp)
ग्लेन मैक्सवेल ने लिया संन्यास

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया में अगर विध्वंसक बल्लेबाजों की लिस्ट तैयार होगी तो उसमें ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल का नाम होगा। इसमें किसी को शायद ही शक हो। हालांकि, यह बात भी उतनी ही ठीक लगती है कि मैक्सवेल कब चलेंगे किसी को पता नहीं। 10 मैचों में फेल होने के बाद 11वीं में ऐसी पारी आ जाए जो इतिहास बना दे, यही मैक्सवेल की फितरत थी। अपनी इसी फितरत से उन्होंने कई कमाल किए हैं।
इस बल्लेबाज ने सोमवार देर रात इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया। हम आपको मैक्सवेल के करियर की उन पांच पारियों के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्होंने सिर्फ विपक्षी टीम को ही नहीं बल्कि दुनिया को हिला दिया था।
मैक्सवेल के 5 कारनामे
- मैक्सवेल उन बल्लेबाजों में से हैं जिन्होंने वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक जमाया है। वह ऐसे पहले नॉन ओपनर हैं जिन्होंने वनडे में 200 का आंकड़ा पार किया। ये कमाल मैक्सवेल ने 2023 में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप में वानखेड़े स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ किया था। उनकी ये पारी वनडे इतिहास की महान पारियों में है क्योंकि ऑस्ट्रेलिया ने अपने सात विकेट महज 91 रनों पर खो दिए थे और उसे 292 का टारगेट चेज करना था। ऐसी स्थिति में मैक्सवेल ने दोहरा शतक जमाया वो भी एक टांग पर। पारी के दौरान उनको मांसपेशियों में खिंचाव हो गया था जिसके कारण उनका खड़ा होना भी मुश्किल था। फिर भी मैक्सवेल ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से न सिर्फ दोहरा शतक जमाया बल्कि टीम को जीत दिलाई। उन्होंने 128 गेंदों पर 21 चौके और 10 छक्कों की मदद से नाबाद 201 रन बनाए थे।
- भारत में भारत के खिलाफ भी उन्होंने एक ऐसी पारी खेली थी जिसने सभी को हैरान कर दिया था। हालांकि, ये पारी टी20 में आई थी। बात 2023 की है जब भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 सीरीज खेली जा रही थी। ऑस्ट्रेलियाई टीम 223 रनों का टारगेट चेज कर रही थी और मैक्सवेल ने 48 गेंदों पर नाबाद 104 रन बना टीम को जीत दिलाई थी। आखिरी ओवर में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 21 रन चाहिए थे जो प्रसिद्ध कृष्णा के ओवर में बन गए थे।
- 2023 में ही मैक्सवेल ने वनडे वर्ल्ड कप में एक और कमाल किया था। उन्होंने नीदरलैंड्स के खिलाफ 40 गेंदों पर 106 रनों की पारी खेली थी। यह वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास का सबसे तेज शतक है। 39वें ओवर में बल्लेबाजी करने आए मैक्सवेल ने जो तूफान मचाया था वो हैरान करने वाला था।
- साल 2015 में जब माइकल क्लार्क की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने वनडे वर्ल्ड कप जीता था तब भी मैक्सवेल का बल्ला जमकर चला था। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 32वें मैच में जो पारी खेली थी उसने दुनिया को हैरान कर दिया था। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में मैक्सवेल ने महज 51 गेंदों पर शतक जमाया था। उन्होंने 53 गेंदों पर 10 चौके और चार छक्कों की मदद से ये पारी खेली थी। यह मैक्सवेल के वनडे करियर का पहला शतक था।
- 2015 में पर्थ में ट्राई सीरीज का फाइनल खेला गया था जिसमें ऑस्ट्रेलिया के सामने इंग्लैंड थी। इस मैच में मैक्सवेल ने अपनी ऑलराउंड क्लास दिखाई थी। उन्होंने 95 रन बनाए थे और 46 रन देकर चार विकेट भी लिए थे।
यह भी पढ़ें- ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास, दुनिया नहीं भूलेगी दर्द में जड़ा दोहरा शतक