यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 06, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान अजहरुद्दीन बंगाल से लड़ सकते हैं चुनाव
अजहरुद्दीन के करीबी सूत्रों ने बताया कि इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल से लोकसभा का चुनाव लड़ने की इच्छा जताई।

जागरण संवाददाता, कोलकाता। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मुहम्मद अजहरुद्दीन ने लोकसभा का आगामी चुनाव पश्चिम बंगाल से लड़ने की इच्छा जताई है। पिछले सप्ताह ईडेन हीरो कप की रजत जयंती के उपलक्ष्य में वह कोलकाता आए थे। इसके बाद पूर्व बर्द्धमान के कालना में एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
अजहरुद्दीन के करीबी सूत्रों ने बताया कि इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल से लोकसभा का चुनाव लड़ने की इच्छा जताई। हालांकि किस पार्टी से लड़ेंगे, यह अभी स्पष्ट नहीं है। उनके एक करीबी ने सोमवार को बताया कि कालना के कार्यक्रम में उन्होंने अपने कुछ चुनिंदा लोगों के साथ बैठक की थी और बताया था कि पश्चिम बंगाल से उन्हें लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए ऑफर मिल रहे हैं। कई पार्टियों ने इसके लिए संपर्क किया है। अगर स्थानीय लोग चाहते हैं तो वह यहां से चुनाव लड़ने से पीछे नहीं हटेंगे।
हालांकि इस बारे में आधिकारिक तौर पर उन्होंने कुछ भी नहीं कहा है, लेकिन उनके करीबी सूत्रों का कहना है कि भाजपा के खिलाफ वह राज्य की किसी सीट से उम्मीदवार हो सकते हैं। 2009 में अजहरुद्दीन ने कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से लोकसभा चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्होंने भाजपा उम्मीदवार सर्वेश कुमार सिंह को हराया था।