यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 01, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अगले वर्ष पहली बार अफगानिस्तान इस टीम के खिलाफ खेलेगा टेस्ट मैच
भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने वाली अफगानिस्तान क्रिकेट टीम आयरलैंड के खिलाफ अगले वर्ष मार्च में टेस्ट मैच खेलेगी।

नई दिल्ली, जेएनएन। इस वर्ष भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने वाली अफगानिस्तान क्रिकेट टीम आयरलैंड के खिलाफ अगले वर्ष मार्च में टेस्ट मैच खेलेगी। अफगानिस्तान और आयरलैंड दोनों ही टीमों ने इसी वर्ष टेस्ट क्रिकेट डेब्यू किया था और ये दोनों ही टीमों का दूसरा टेस्ट मैच होगा। आयरलैंड ने मई में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था वहीं अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ जून में टेस्ट डेब्यू किया था।
आयरलैंड की टीम अफगानिस्तान के खिलाफ पहले तीन मैचों की टी 20 सीरीज और उसके बाद पांच मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। इसके बाद दोनों के बीच एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा जिसकी शुरुआत 17 मार्च से होगी। इससे पहले 23, 24 और 26 फरवरी को तीन टी 20 मैच खेले जाएंगे जबकि 2,4, 7, 9 और 12 मार्च को वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। ये सारे मैच देहरादून में खेले जाएंगे जिसे अफगानिस्तान का दूसरा घरेलू मैदान कहा जाता है।
आयरलैंड के बल्लेबाज एंड्रयू बालबिरनाई का कहना है कि अफगानिस्तान की टीम में विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं जिसकी वजह से ये टीम काफी अच्छी है। उनके घरेलू परिस्थिति में ये हमारे लिए कठिन चुनौती होगी। आयरिश क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए इस दौरे को काफी अहम माना जा रहा है। आयरलैंड की टीम पहली बार आइसीसी की किसी फुल मेंबर देश के खिलाफ दौरे पर आएगी और क्रिकेट सीरीज खेलेगी। इस बल्लेबाज ने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि ये पूरी टीम के लिए बड़ी चुनौती होगी। हमारी टीम के बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए उपमहाद्वीप के कंडीशन में खुद को ढालकर अफगानिस्तान का सामना करना बड़ी चुनौती होगी।
2019 आयरलैंड के लिए काफी अहम होने वाला है। साल के शुरुआत में पहले आयरलैंड को अफगानिस्तान के खिलाफ क्रिकेट सीरीज खेलनी है उसके बाद मई में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खेलनी है। जुलाई में आयरलैंड लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच खेलेगा और अक्टूबर में आयरलैंड को टी 20 विश्व कप क्वालीफायर टूर्नामेंट में हिस्सा लेना है।