पूरी टीम इंडिया पर बनेगी फिल्म, जानें कौन सुपरस्टार करेगा कप्तान का रोल
1983 के विश्व कप में पहली बार भारत ने विश्व कप अपने नाम किया था।
नई दिल्ली, जेएनएन। हाल के समय में खेल की दुनिया के सितारों पर फिल्में बनने का सिलसिला काफी देखा गया है। सचिन तेंदुलकर से लेकर महेंद्र सिंह धौनी, मिल्खा सिंह, मैरीकॉम जैसे कई नामचीन खिलाड़ियों पर बनी फिल्में इसका उदाहरण हैं। इसी कड़ी में अब पूर्व भारतीय कप्तान और दुनिया के सर्वकालिक महान ऑलराउंडर में शुमार किए जाने वाले कपिल देव भी शामिल हो गए हैं।
हां, यह फिल्म केवल कप्तान कपिल देव पर नहीं, बल्कि पूरी टीम इंडिया पर बनने वाली है। यह टीम इंडिया 1983 में पहली बार विश्व कप जीतकर रिकॉर्ड बनाने वाली होगी। इस फिल्म को बॉलीवुड डायरेक्टर कबीर खान बनाने जा रहे हैं। फिल्म में कपिल देव की भूमिका रणवीर सिंह निभाएंगे। उस विश्व कप को जीतने में कपिल देव का अहम भूमिका थी।
इससे पहले कपिल देव की भूमिका निभाने के लिए रणवीर सिंह के दोस्त अर्जुन कपूर का नाम भी सामने आ रहा था। हालांकि, अब इस रोल के लिए डायरेक्टर कबीर खान ने रणवीर का नाम फाइनल कर दिया है। कबीर खान ने यह भी कहा है कि इस रोल के लिए रणवीर सिंह उनकी पहली पसंद थे।
कबीर खान ने बताया कि 1983 का विश्व कप जीतना उनके बचपन की सबसे खास यादों में शुमार है। उन्होंने कहा कि यह विषय उनके दिल के सबसे करीब था और अब उन्हें इस विषय पर फिल्म बनाने का मौका मिलेगा। यह उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा, '1983 में जब भारत ने कपिल देव की कप्तानी में वर्ल्ड कप जीता था, तब मैं स्कूल में पढ़ रहा था। मुझे यह बिल्कुल अहसास नहीं था कि इस जीत के बाद भारत में क्रिकेट का स्वरूप इस कदर बदल जाएगा। एक फिल्मकार के रूप में यह मेरे लिए सबसे मजेदार कहानियों में से एक होगी।'
कबीर ने इस फिल्म के लिए रणवीर की हां पर भी खुशी जताई है और कहा है कि इस फिल्म के लिए कहानी पूरी होते ही उनके दिमाग में फिल्म के सबसे दमदार चरित्र यानी कपिल देव के रोल के लिए रणवीर का ही नाम कौंधा था। उन्होंने कहा कि वह इस रोल के लिए किसी और को नहीं सोच पा रहे थे। उन्होंने बताया कि टीम के दूसरे खिलाड़ियों का चयन अभी नहीं किया गया है और उनके नामों पर विचार किया जा रहा है।