5 साल पहले कपिल देव को आया था सपना और फिर लिखी 100 गुरुद्वारों पर किताब
पुस्तक में देश विदेश के गुरुद्वारों की जानकारी को 250 पन्नों में समेटा गया है।
कपूरथला, हरनेक सिह जैनपुरी। भारत को पहला क्रिकेट विश्व कप जिताने वाले पूर्व क्रिकेटर कपिल देव की पुस्तक 'वी द सिख अराउंड द वर्ल्ड' का प्रकाश पर्व के मौके पर विमोचन किया गया। विश्व के 100 गुरुद्वारों पर आधारित पुस्तक का विमोचन सुल्तानपुर लोधी में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, पंजाब के राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह ने किया।
पुस्तक में देश विदेश के गुरुद्वारों की जानकारी को 250 पन्नों में समेटा गया है। कपिल ने बताया कि इस किताब को लिखने का ख्याल उन्हें ऐसे ही नहीं आया। पांच साल पहले उन्हें सपना आया था। वह एक सफर के दौरान गाड़ी में सो रहे थे तभी सपना आया कि दुनियाभर के गुरुद्वारों में सद्भाव व एकजुटता के संदेश के साथ लंगर की प्रथा चलाई जाती है। इस पर एक किताब होनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने किताब लिखने का फैसला लिया।
कपिल ने कहा-चंडीगढ़ में उनके एक दोस्त हैं किरपाल सिंह। उन्हें भी इस प्रोजेक्ट में साथ जोड़ा। दुबई से अजय सेठी ने भी मदद की। कपिल ने कहा-किरपाल का इसमें बहुत योगदान रहा। विमोचन के लिए इस दिन बड़ा दिन और क्या हो सकता था। दुनिया में अगर कहीं आप को सिख मिल जाता है तो वहां गुरुद्वारा साहिब भी मिल जाता है।
कपिल ने कहा कि किताब में 130 फोटों भी हैं। इस किताब में शामिल 40 गुरुद्वारे भारत के हैं। इसके अलावा पाकिस्तान व इराक के गुरुद्वारे भी हैं। राजनीति में आने के सवाल पर कपिल ने मुस्कराकर कहा-'मुझे माफ करो जी।'