न्यूजीलैंड को जीतना है अपना पहला वर्ल्ड कप तो सुपरओवर में बनाने होंगे इतने रन
World Cup 2019 Final England vs New Zealand लॉर्ड्स में खेला जा रहा वर्ल्ड कप 2019 का फाइनल मैच टाई हो गया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। World Cup 2019 Final Match tie England vs New Zealand Super Over: लॉर्ड्स में खेला जा रहा वर्ल्ड कप 2019 का फाइनल मैच टाई हो गया है। इसके बाद मैच में सुपर ओवर कराया गया। इंग्लैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 गेंदों में 15 रन बनाए हैं। इंग्लैंड को जहां अपना पहला विश्व कप जीतने के लिए 15 रन बचाने हैं तो वहीं, कीवी टीम को 6 गेंदों में 16 रन बनाने हैं।
इंग्लैंड की ओर से सुपर ओवर में बल्लेबाजी करने के लिए जोस बटलर और बेन स्टोक्स आए। बेन स्टोक्स ने पहली गेंद पर 3 रन लिए। दूसरी गेंद पर जोस बटलर ने 1 रन बनाया। इसके बाद तीसरी गेंद पर बेन स्टोक्स ने चौका लगाया। चौथी गेंद पर फिर स्टोक्स ने एक रन बनाया। पांचवीं गेंद पर बटलर ने 2 रन लिए। आखिरी गेंद पर बटलर के बल्ले से चौका निकला। इस तरह दोनों ने मिलकर 15 रन बनाए, जिसमें 2 चौके शामिल थे।
इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच वर्ल्ड कप का फाइनल मैच बराबर रनों के बाद टाई हो गया है। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 241 रन बनाए थे। वहीं, इंग्लैंड ने 242 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 241 रन बना लिए। इस तरह मैच टाई हो गया और अब नतीजा सुपर ओवर में निकलेगा।
242 रन के टारगेट का पीछा करने वाली इंग्लैंड की टीम को अपना पहला खिताब जीतने के लिए आखिरी के ओवर में 15 रन बनाने थे। लेकिन, न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने 14 रन दिए। इस तरह मैच का स्कोर लेवल हो गया और मैच सुपर ओवर में चला गया। सुपर ओवर में दोनों टीमों को 6-6 गेंद खेलने को मिलेंगी, जो ज्यादा रन बनाएगा उसे जीत नसीब होगी।
लंदन के लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर न्यूजीलैंड और इंग्लैंड अपने पहले वर्ल्ड कप खिताब के लिए उतरे। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। इस तरह न्यूजीलैंड ने हेनरी निकोल्स के अर्धशतक की बदौलत 8 विकेट खोकर 241 रन बनाए। वहीं, इंग्लैंड ने बेन स्टोक्स और जोस बटलर की अर्धशतकीय पारी की बदौलत सभी विकेट खोकर 50 ओवर में 241 रन बना लिए और मैच टाई हो गया।