यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 30, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
स्कॉटलैंड और ऑस्ट्रेलियाई सीरीज के लिए इंग्लैंड टीम का एलान, मोर्गन को मिली कमान
इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड के खिलाफ 13 सदस्यीय टीम और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ की वनडे सीरीज के लिए 14 सदस्यीय टीम को चुन लिया है।

नई दिल्ली, जेएनएन। स्कॉटलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आने वाले दिनों में वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड की क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी गई है। इंग्लैंड स्कॉटलैंड के खिलाफ एकमात्र वनडे मैच खेलेगी जबकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसे 5 मैचों की सीरीज खेलनी है। इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड के खिलाफ 13 सदस्यीय टीम और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ की वनडे सीरीज के लिए 14 सदस्यीय टीम को चुन लिया है।
स्कॉटलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले मैच में बेहतरीन फॉर्म में चल रहे जोस बटलर को जगह नहीं दी गई है। बटलर के बिजी शेड्यूल को देखते हुए उन्हें इस मैच में न शामिल कर आराम दिया गया है। इस दौरान इंग्लैंड की कमान इयॉन मोर्गन के हाथों में ही रहेगी। मोर्गन घरेलू सीरीज में के दौरान घायल हो गए थे, जिसकी वजह से वो वर्ल्ड इलेवन की तरफ से चैरिटी मैच में हिस्सा नहीं ले पाए। हालांकि तब तक वो पूरी तरह फिट हो जाएंगे और टीम की कमान संभालेंगे।
स्कॉटलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले एकमात्र वनडे मैच में जोस बटलर की जगह सैम बिलिंग्स पर विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी रहेगी। जबकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बिलिंग्स इंग्लैंड की एकदिवसीय टीम का हिस्सा नहीं रहेंगे। जोस बटलर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के लिए टीम में जगह मिली है। पिछले काफी दिनों से आउट ऑफ फॉर्म चल रहे बेन स्टोक्स को भी इंग्लैंड की टीम में जगह मिल गई है उनके अलावा एलेक्स हेल्स और आदिल राशीद को भी टीम में जगह मिली है। मौजूदा समय में इंग्लैंड की टीम अपने घर पर पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रही है।
स्कॉटलैंड के खिलाफ इंग्लैंड की टीम इस प्रकार है
इयोन मोर्गन (कप्तान), डेविड विले, मार्क वुड, क्रिस वोक्स मोइन अली, जॉनी बेयर्स्टो, एलेक्स हेल्स, लियम प्लंकेट, आदिल रशीद, जो रूट, जेसन रॉय, बेन स्टोक्स, और सैम बिलिंग्स
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के लिए टीम इस प्रकार है
इयोन मोर्गन (कप्तान), मार्क वुड, जॉनी बेयर्स्टो, जोस बटलर, आदिल रशीद, जो रूट, जेसन रॉय, बेन स्टोक्स, डेविड विले, एलेक्स हेल्स, टॉम करन, लियम प्लंकेट, क्रिस वोक्स और मोइन अली