यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 08, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में पहुंची दिल्ली और बिहार की टीम
दिल्ली और बिहार ने विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

नई दिल्ली, प्रेट्र। दिल्ली और बिहार ने अपने-अपने मैच जीतकर विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। दिल्ली ने ग्रुप-बी के मुकाबले में छत्तीसगढ़ को 44 रनों से हरा दिया। दिल्ली ने अपने ग्रुप में 26 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। दिल्ली के बाद आंध्र प्रदेश की टीम के भी 26 अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट के आधार पर दिल्ली को शीर्ष स्थान हासिल हुआ।
दिल्ली के अलावा आंध्र प्रदेश और हैदराबाद (22 अंक) ने ग्रुप-बी से क्वार्टर फाइनल के लिए प्रवेश किया। पदार्पण कर रहे विकेटकीपर बल्लेबाज लक्ष्य थरेजा (53) के अर्धशतक की मदद से दिल्ली की टीम निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 245 रनों का स्कोर खड़ा कर पाई। जवाब में बायें हाथ के तेज गेंदबाज कुलवंत खेजरोलिया (4/27) की घातक गेंदबाजी के आगे छत्तीसगढ़ की टीम 45.1 ओवर में 201 रनों पर आउट होकर मैच गंवा बैठी।
इससे पहले दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन गौतम गंभीर (10), ध्रुव शौरी (08) और नीतीश राणा (08) के सस्ते में आउट होने के बाद दिल्ली एक समय 77 रन पर अपने चार विकेट गंवा बैठी। इसके बाद उन्मुक्त चंद (32 रन, 70 गेंद) ने स्थिति को थोड़ा सुधारने की कोशिश की, लेकिन फिर 32वें ओवर तक टीम का स्कोर छह विकेट पर 112 रन हो गया। थरेजा ने ललित यादव (24) के साथ सातवें विकेट के लिए 34 रन जोड़कर पारी को संभाला। थरेजा ने 72 गेंदों में चार चौके लगाए और उनके आउट होने के बाद दिल्ली का स्कोर 44.5 ओवर में आठ विकेट पर 176 रन हो गया। हालांकि, पवन नेगी (31 रन, 30 गेंद) और सिमरजीत सिंह (25 रन, 18 गेंद) ने 4.2 ओवर में 50 रन जोड़कर स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया।
वहीं, वड़ोदरा में खेले गए मुकाबले में बिहार ने मिजोरम को नौ विकेट से रौंदकर अपना आगे का रास्ता साफ किया। बिहार नौ टीमों वाले प्लेट ग्रुप में शीर्ष पर है। बिहार ने आठ मैचों में सात जीतकर 31 अंक अर्जित किए हैं। एक मैच रद हो गया था। मिजोरम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया, लेकिन यह फैसला गलत साबित हुआ।
बिहार के कप्तान केशव कुमार (4/21) और आशुतोष अमन के दो रन पर तीन विकेट की बदौलत बिहार ने मिजोरम की बल्लेबाजी को तहस नहस कर पूरी टीम को 27.2 ओवर में 83 रनों पर ढेर कर दिया। जवाब में बिहार की टीम ने 15.4 ओवर में ही एक विकेट के नुकसान पर 87 का स्कोर कर मैच अपने नाम किया। बिहार के लिए सलामी बल्लेबाज विकास रंजन ने नाबाद 59 रनों की पारी खेली, जबकि बाबुल कुमार 17 रनों पर नाबाद रहे। बिहार का एकमात्र विकेट कुमार मृदुल (05) के रूप में गिरा। बिहार ने रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप 2003/04 के सत्र में खेला था और अब उसकी घरेलू क्रिकेट में वापसी इस साल जनवरी में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हुई है।
उत्तराखंड की अरुणाचल प्रदेश पर जीत : उत्तराखंड ने गुजरात के नादियाद में खेले गए अन्य मुकाबले में अरुणाचल प्रदेश पर 108 रनों से जीत दर्ज की। वह बिहार से दो अंक कम लेकर 28 अंकों के साथ प्लेट ग्रुप में दूसरे स्थान पर है। सौरभ रावत (67) और मालोलन रंगराजन (50) के अर्धशतक की मदद से उत्तराखंड की टीम 49.4 ओवर में 264 का ही स्कोर खड़ा कर पाई। अरुणाचल प्रदेश की तरफ से शम्स आलम (2/39) सबसे किफायती गेंदबाज रहे। रजत भाटिया (3/17), मालोलन रंगराजन (2/12) और मयंक मिश्रा (2/26) ने शानदार गेंदबाजी कर अरुणाचल प्रदेश की टीम को 50 ओवर में नौ विकेट पर 156 रनों पर रोककर मैच अपनी टीम के नाम करा दिया। अरुणाचल प्रदेश की ओर से अखिलेश साहनी (41) ही कुछ हद तक संघर्ष कर पाए।