यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 24, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
फिर विवादों में DDCA, भारत से खेलने वाले खिलाड़ी का अंडर-19 टीम में चयन नहीं
बीसीसीआइ के जीएम सबा करीम भी कह चुके हैं कि मौजूदा अंडर-19 बी टीम के खिलाड़ी, जो 16 से 17 वर्ष के बीच हैं वह 2020 आइसीसी अंडर-19 विश्व कप खेल सकते हैं।

नई दिल्ली, जेएनएन: दिल्ली के जूनियर क्रिकेट में चयन विवाद अक्सर होता रहता है। इस बार एक और विवाद तब पैदा हुआ जब भारत की अंडर-19 टीम में खेलने वाले तेज गेंदबाज आयुष सिंह को वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए दिल्ली की अंडर-19 टीम में जगह नहीं मिली। आयुष ने हाल ही में लखनऊ में आयोजित चतुष्कोणीय सीरीज में हिस्सा लिया था, जिसमें इंडिया-ए, इंडिया-बी के अलावा नेपाल-ए और अफगानिस्तान-बी की टीम शामिल थी।
बीसीसीआइ के जीएम सबा करीम भी कह चुके हैं कि मौजूदा अंडर-19 बी टीम के खिलाड़ी, जो 16 से 17 वर्ष के बीच हैं वह 2020 आइसीसी अंडर-19 विश्व कप खेल सकते हैं। इसके बावजूद आयुष को टीम में नहीं शामिल करना एक बड़ा सवाल उठाता है। शुक्रवार को चुनी गई दिल्ली की 15 सदस्यीय टीम में आयुष को जगह नहीं दी गई है। निश्चित तौर पर इससे दिल्ली की चयन प्रणाली पर सवाल उठता है।
जूनियर चयन समिति से जुड़े एक सूत्र से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने अजीबोगरीब जवाब देते हुए कहा कि, हां, चयनकर्ताओं ने आयुष को नहीं चुना है क्योंकि तीनों चयनकर्ताओं सिद्धार्थ वर्मा, मयंक तेहलान और चेतन में से किसी ने भी उसकी गेंदबाजी को नहीं देखा है।