यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 30, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अभ्यास मैच में ऑस्ट्रेलिया एकादश का भारत को करारा जवाब
ऑस्ट्रेलिया एकादश ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक छह विकेट पर 356 रन बना लिए हैं।

सिडनी, प्रेट्र। भारतीय तेज गेंदबाजों का खराब दिन तब भारत के लिए और भी खराब हो गया जब पृथ्वी शॉ यहां क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया एकादश के खिलाफ चल रहे अभ्यास मैच के तीसरे दिन चोटिल हो गए। चोट लगने की वजह से पृथ्वी पहले टेस्ट से भी बाहर हो गए हैं।
तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया एकादश ने हैरी नीलसन (नाबाद 56) और आरोन हार्डी (नाबाद 69) की शतकीय साझेदारी के दम पर छह विकेट पर 356 रन बनाए। नीलसन और सातवें विकेट के लिए 122 रन की अटूट साझेदारी कर चुके हैं।भारतीय टीम की पारी 358 रनों पर समाप्त होने के बाद अपनी पहली पारी खेलने उतरी ऑस्ट्रेलिया एकादश ने सुबह बिना नुकसान के 24 रन से आगे खेलना शुरू किया। डी आर्ची शॉर्ट (74) ने मैक्स ब्रायंट (62) के साथ 114 रनों की साझेदारी कर टीम को अच्छी शुरुआत दी।
अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने ब्रायंट को बोल्ड कर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को दिन का पहला झटका दिया। इसके बाद मुहम्मद शमी ने 153 के स्कोर पर शॉर्ट को विकेट के पीछे खड़े रिषभ पंत के हाथों कैच आउट कराकर पवेलियन भेजा। जैक कार्डर (38) और कप्तान सैम व्हाइटमैन (35) ने तीसरे विकेट के लिए 60 रन जोड़े और स्कोर 213 रन तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर उमेश यादव ने सैम को आउट कर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका दिया। सैम के आउट होने के बाद जैक का साथ देने आए परम उप्पल (05) को अश्विन ने रन आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। उप्पल का विकेट 226 के स्कोर पर गिरा और इसी स्कोर पर शमी ने जैक को भी बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया।
हैरी के साथ छठे विकेट के लिए साझेदारी करने आए जोनाथन (03) को भी शमी ने अधिक समय तक मैदान पर टिकने नहीं दिया। वह शमी की गेंद पर पंत के हाथों लपके गए। हैरी ने इसके बाद हार्डी के साथ दिन का खेल समाप्त होने तक और कोई नुकसान हुए बगैर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया एकादश को 356 के स्कोर तक पहुंचाया। भारत के लिए शमी ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए, वहीं अश्विन और उमेश को एक-एक सफलता मिली।