यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 09, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुंबई में भारत व वेस्टइंडीज वनडे के आयोजन को लेकर आश्वस्त सीओए
बीसीसीआइ को उम्मीद है कि मुंबई क्रिकेट संघ 29 अक्टूबर को होने वाले मैच वनडे मैच की मेजबानी करेगा।

मुंबई, प्रेट्र। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआइ) को उम्मीद है कि मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) भारत और वेस्टइंडीज के बीच 29 अक्टूबर को होने वाले वनडे मैच की मेजबानी करेगा। हालांकि राज्य इकाई ने इसके आयोजन में कुछ समस्याओं का हवाला दिया है। एमसीए के अधिकारियों ने मंगलवार को बीसीसीआइ के वरिष्ठ अधिकारी से मुलाकात की और उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया जिनमें एमसीए का बैंक खाता संचालित नहीं कर पाने और स्टेडियम में विज्ञापन अधिकारों के लिए टेंडर सूचना जारी नहीं करना शामिल है।
एमसीए के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि बीसीसीआइ के एक शीर्ष अधिकारी के अनुरोध पर एमसीए के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रबंधन समिति के कुछ सदस्यों ने उनसे मुलाकात की और उन्हें बैंक खाता संचालित करने में आ रही दिक्कतों और मैच के लिए टेंडर जारी नहीं करने की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया। हमने 29 अक्टूबर को होने वाले मैच के लिए अभी तक स्टेडियम के अंदर विज्ञापन, खान-पान, साफ-सफाई और निजी सुरक्षा के अलावा अन्य चीजों के लिए टेंडर जारी नहीं किए हैं।
हालांकि सीओए प्रमुख विनोद राय ने कहा कि इसका जल्द ही जरूरी समाधान निकल आएगा। राय ने कहा कि मैं यह नहीं कह रहा हूं कि मुंबई का वनडे दूसरी जगह आयोजित कराया जाएगा। हां, उन्होंने कुछ मसले उठाए हैं और मुझे भरोसा है कि हम इसके लिए कुछ उपयुक्त समाधान निकाल लेंगे। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि एमसीए के सचिव उन्मेष खानविलकर और एक अन्य सदस्य ने भारत-वेस्टइंडीज मैच के लिए एडहॉक समिति गठित करने के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट की शरण ली लेकिन हाई कोर्ट ने उसे सुप्रीम कोर्ट के पास जाने के लिए कहा। याचिकाकर्ता उन्मेष खानविलकर और गणेश अय्यर ने अभी तक फैसला नहीं किया है कि वे सुप्रीम कोर्ट जाएंगे या नहीं। अधिकारी ने कहा कि वनडे के आयोजन के लिए सुप्रीम कोर्ट के पास जाने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है। इस साल के शुरुआत में बॉम्बे हाई कोर्ट ने एमसीए के लिए दो पूर्व जजों वाली प्रशासकों की समिति गठित की थी जिन्होंने 14 सितंबर को अपना पद छोड़ दिया था।
इससे पहले संघ ने फ्री पास के मुद्दे पर इंतजार करने और देखने की नीति अपनाई थी। हालांकि बाद में फ्री पास की संख्या बढ़ाकर यह मामला सुलझा लिया गया था। अधिकारी ने कहा कि अभी प्राथमिक समस्या बैंक खातों का संचालित ना होना है जिससे वेतन के साथ कई तरह के भुगतान होने हैं। बीसीसीआइ ने आश्वस्त किया है कि फ्री पास की समस्या को सुलझा लिया जाएगा।