यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 05, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
IPL के बाद अब क्रिस गेल इस लीग में करेंगे छक्कों की बारिश, चैंपियन टीम में हुई वापसी
वेस्टइंडीज के सबसे विस्फोटक बल्लेबाज और T20 क्रिकेट के यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल विवार 5 मई को IPL 2019 का आखिरी मैच खेलेंगे।

नई दिल्ली, जेएनएन। वेस्टइंडीज के सबसे विस्फोटक बल्लेबाज और T20 क्रिकेट के यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल विवार, 5 मई को IPL 2019 का आखिरी मैच खेलेंगे। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ किंग्स इलेवन पंजाब अपना आखिरी लीग मैच मोहाली में खेलेगी। पंजाब की टीम का प्लेऑफ का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। ऐसे में क्रिस गेल समेत बाकी टीम के लिए आखिरी आइपीएल मैच होगा। इसी बीच क्रिस गेल के लिए अपने ही मूल से एक बड़ी खुशखबरी सामने आ गई है।
दरअसल, क्रिस गेल दो साल बाद अपनी पूर्व कैरेबियन प्रीमियर लीग(CPL) की फ्रेंचाइजी जमैका थलाइवाज(Jamaica Tallawahs) के लिए रन और छक्कों की बारिश करते नज़र आएंगे। दो साल के अंतराल के बाद क्रिस गेल की Jamaica Tallawahs में वापसी हुई है। शनिवार को Jamaica Tallawahs ने इस बात का एलान किया है। टीम मैनेजमेंट का कहना है कि क्रिस गेल हमारे लिए CPL के सबसे बड़े खिलाड़ी हैं।
बता दें कि बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल जमैका थलाइवाज को लीड कर दो बार चैंपियन बना चुके हैं। क्रिस गेल ने जमैका थलाइवाज को साल 2013 और साल 2016 में चमचमाती ट्रॉफी दिलाई थी। दोनों बार फाइनल मुकाबले में जमैका थलाइवाज ने गुआना अमेजन वारियर्स को हराया था। लेकिन, साल 2017 में क्रिस गेल ने सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रिओट्स को ज्वाइन किया था और टीम को फाइनल में पहुंचाया था।
जमैका थलाइवाज के सह-मालिक जेफरसन मिलर ने एक बयान में कहा है, "हमें ये बताते हुए खुशी हो रही है कि साल 2019 का सीपीएल सेशन क्रिस गेल हमारी टीम के लिए खेलेंगे। टी20 क्रिकेट में क्रिस गेल से बड़ा कोई नाम नहीं है। इसलिए हम और इंतजार नहीं कर सकते। गेल की वजह से जमैकन फैंस को गौरव फील होगा। हम चाहते हैं कि क्रिस गेल तीसरी बार टीम को चैंपियन बनाएं।" बता दें कि सीपीएल का ये सीजन सितंबर और अक्टूबर के बीच खेला जाएगा।