Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Chetan Sharma: क्रिकेट की शुरुआत से लेकर बीसीसीआई चयनकर्ता बनने तक का सफर, चेतन शर्मा के बारे में जानें सबकुछ

    By Jagran NewsEdited By: Abhishek Nigam
    Updated: Fri, 17 Feb 2023 02:21 PM (IST)

    Cricketer Chetan Sharma Profile Age Career Income and Records बीसीसीआई प्रमुख चयनकर्ता चेतन शर्मा ने अपने पद से इस्‍तीफा दे दिया। चेतन शर्मा एक स्टिंग ऑपरेशन के कारण विवादों से घिरे। आपको इस आर्टिकल में पूर्व भारतीय क्रिकेटर चेतन शर्मा के बारे में ज्‍यादा से ज्‍यादा चीजें बताएंगे।

    Hero Image
    Chetan Sharma BCCI Chief Selector: चेतन शर्मा ने अपने पद से इस से इस्‍तीफा दिया

    नई दिल्‍ली, स्‍पोर्ट्स डेस्‍क। चेतन शर्मा इस समय चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। इसका कारण है बीसीसीआई सीनियर चयन समिमि के चेयरमैन पद से इस्‍तीफा देना। चेतन शर्मा का हाल ही में एक स्टिंग ऑपरेशन हुआ, जिसमें उन्‍होंने भारतीय क्रिकेट के कई राज खोले थे। चलिए आपको चेतन शर्मा के बारे में सबकुछ बताते हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कौन है चेतन शर्मा?

    • चेतन शर्मा का जन्‍म 3 जनवरी 1966 को पंजाब के लुधियाना शहर में हुआ।
    • वह रिटायर्ड क्रिकेटर और बीसीसीआई के पूर्व प्रमुख चयनकर्ता रहे।
    • चेतन शर्मा पूर्व भारतीय क्रिकेटर यशपाल शर्मा के भतीजे हैं।
    • चेतन ने तेज गेंदबाज की भूमिका निभाते हुए वनडे और टेस्‍ट क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्‍व किया।
    • उन्होंने 1996 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्‍यास लिया और इसके बाद विभिन्‍न टीवी चैनलों पर बतौर क्रिकेट एक्‍सपर्ट शिरकत की।
    • 20 दिसंबर 2020 को चेतन शर्मा की नियुक्ति बीसीसीआई में चयनकर्ताओं के चेयरमैन के रूप में हुई।
    • नवंबर 2022 में उन्‍हें प्रमुख चयनकर्ता पद से बर्खास्‍त किया गया।
    • इसके बाद बीसीसीआई ने उन्‍हें दोबारा नियुक्‍त किया। मगर अब उन्‍होंने एक महीने के कार्यकाल के बाद खुद पद से इस्‍तीफा दिया।

    घरेलू करियर

    • चेतन शर्मा ने महज 17 साल की उम्र में पंजाब के लिए फर्स्‍ट क्‍लास डेब्‍यू किया था। उनका प्रदर्शन इतना प्रभावशाली रहा है कि अगले ही साल उन्‍हें वनडे टीम में जगह मिल गई।
    • चेतन शर्मा ने 7 दिसंबर 1983 को वेस्‍टइंडीज के खिलाफ अपना वनडे डेब्‍यू किया।
    • 17 अक्‍टूबर 1984 को पाकिस्‍तान के खिलाफ टेस्‍ट डेब्‍यू किया।
    • 1987 वर्ल्‍ड कप में चेतन शर्मा हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बने। उन्‍होंने न्‍यूजीलैंड के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी।

    इंटरनेशनल करियर

    • चेतन शर्मा ने अपने डेब्‍यू टेस्‍ट में पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर मोहसिन खान का विकेट लिया और टेस्‍ट क्रिकेट में अपने पहले ओवर में विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बने।
    • उन्‍होंने 1985 में श्रीलंका के खिलाफ तीन टेस्‍ट में 14 विकेट लिए। 1986 में शर्मा भारतीय टीम के अहम सदस्‍य रहे, जिसने इंग्‍लैंड को 2-0 से मात दी थी। तब शर्मा ने दो टेस्‍ट में 16 विकेट लिए थे।
    • उन्‍होंने बर्मिंघम में 10 विकेट लिए, जिसमें दूसरी पारी में करियर बेस्‍ट 58/6 का प्रदर्शन शामिल है।
    • चेतन शर्मा अकेले भारतीय गेंदबाज हैं, जिन्‍होंने इंग्‍लैंड में एक टेस्‍ट में 10 विकेट लेने का कारनामा किया।
    • चेतन शर्मा का लॉर्ड्स के हॉल ऑफ फेम बोर्ड में भी नाम दर्ज है। उन्‍होंने वहां 64 रन देकर पांच विकेट लिए थे। चेतन शर्मा को कपिल देव का उत्‍तराधिकारी माना जाता था, लेकिन चोटों के कारण उनका करियर प्रभावित रहा।
    • चेतन शर्मा ने 23 टेस्‍ट में 61 विकेट जबकि 65 वनडे में 67 विकेट लिए। उन्‍होंने 121 फर्स्‍ट क्‍लास मैचों में 433 विकेट और 107 लिस्‍ट ए मैचों में 115 विकेट लिए।

    1987 वर्ल्‍ड कप

    रिलायंस वर्ल्‍ड कप में चेतन शर्मा ने टूर्नामेंट के इतिहास की पहली हैट्रिक लगाई थी। उन्‍होंने केन रदरफोर्ड, इयान स्मिथ और एविन चैटफील्‍ड को अपना शिकार बनाया था।

    चेतन गेंदबाजी के अलावा बल्‍ले से भी अपना दम दिखा चुके हैं। उन्‍होंने 1989 में नेहरू कप में इंग्‍लैंड के खिलाफ अपने करियर की बेस्‍ट पारी खेली थी।

    भारतीय टीम 256 रन के लक्ष्‍य का पीछा कर रही थी, जहां तीसरे नंबर पर उतरकर चेतन शर्मा ने 96 गेंदों में नाबाद 101 रन की मैच विजयी पारी खेली। हालांकि, चेतन शर्मा की गेंदबाजी खराब होती गई और उन्‍हें पाकिस्‍तान दौरे के लिए टीम से बाहर कर दिया गया।

    जावेद मियांदाद से खाया छक्‍का

    चेतन शर्मा अपनी खराब गेंद के लिए भी फैंस के बीच याद किए जाते हैं। 1986 में शारजाह में पाकिस्‍तान के खिलाफ चेतन शर्मा आखिरी ओवर कर रहे थे। पाकिस्‍तान को जीत के लिए आखिरी गेंद पर चार रन की जरुरत थी।

    चेतन शर्मा ने फुलटॉस गेंद डाली, जिस पर जावेद मियांदाद ने छक्‍का जमाकर पाकिस्‍तान को जीत दिलाई थी। शर्मा का टेस्‍ट करियर 1989 में समाप्‍त हो गया था। उन्‍होंने आखिरी टेस्‍ट 3 मई 1989 को वेस्‍टइंडीज के खिलाफ खेला था। वहीं वनडे में 11 नवंबर 1994 को वेस्‍टइंडीज के खिलाफ चेतन ने अपना आखिरी वनडे खेला।

    क्रिकेट के बाद की जिंदगी

    चेतन शर्मा ने क्रिकेट से संन्‍यास लेने के बाद कमेंट्री की। उन्‍होंने कई टीवी चैनल पर बतौर क्रिकेट एक्‍सपर्ट भी शिरकत की। 57 साल के चेतन शर्मा ने 2004 में हरियाणा में पंचकूला में तेज गेंदबाजी क्रिकेट एकेडमी खोली, जो 2009 में बंद हो गई।

    चेतन शर्मा ने राजनीति में भी हाथ आजमाया। 2009 लोकसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी की तरफ से फरीदाबाद सीट पर खड़े हुए, लेकिन तीसरे स्‍थान पर रहे। फिर वो भाजपा से भी जुड़े।

    बीसीसीआई में एंट्री

    दिसंबर 2020 में चेतन शर्मा को भारतीय क्रिकेट टीम की चयन समिति के चेयरमैन के रूप में नियुक्‍त किया गया। भारतीय टीम टी20 वर्ल्‍ड कप 2022 के सेमीफाइनल में बाहर हुई, जिसके बाद बीसीसीआई ने चयनकर्ता पैनल को बर्खास्‍त कर दिया।

    हालांकि, बीसीसीआई ने नए पैनल के लिए आवेदन मंगाए तो चेतन शर्मा ने योग्‍य होने के कारण दोबारा एप्‍लाई किया। दोबारा उनकी नियुक्ति इस पद पर हुई। एक महीने के कार्यकाल के बाद उन्‍होंने 17 फरवरी 2023 को अपने पद से इस्‍तीफा दिया।

    कंट्रोवर्सी में फंसे

    चेतन शर्मा एक स्टिंग ऑपरेशन में बुरी तरह फंस गए। चेतन शर्मा इस वीडियो में भारतीय क्रिकेट की पोल खोलते हुए नजर आए। उन्‍होंने कहा कि खिलाड़ी फिट रहने के लिए इंजेक्‍शन का उपयोग करते हैं।

    उन्‍होंने विराट कोहली के बारे में कहा कि वो बोर्ड से ऊपर खुद को मानते हैं। चेतन शर्मा ने साफ-साफ कहा कि विराट कोहली और सौरव गांगुली के बीच अहंकार की लड़ाई है। उन्‍होंने विराट-गांगुली विवाद का खुलासा किया।

    यह भी पढ़ें: BCCI के प्रमुख चयनकर्ता Chetan Sharma पर पड़ा स्टिंग ऑपरेशन का गहरा असर, अपने पद से दिया इस्‍तीफा 

    यह भी पढ़ें: 'कंप्‍यूटर के सामने फुकरे लोग मीम बनाते हैं', Ravindra Jadeja ने ट्विटर पर ट्रोलर्स के खिलाफ जमकर निकाली भड़ास