विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 11, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Video: चेन्नई में आइपीएल को लेकर हुआ जबरदस्त विरोध, खिलाड़ियों पर फेंका गया जूता

By Pradeep SehgalEdited By:
Published: Wed, 11 Apr 2018 11:15 AM (IST)Updated: Wed, 11 Apr 2018 04:36 PM (IST)

एमए चिदंबरम स्टेडियम में मुकाबले के दौरान रवींद्र जडेजा और फाफ डु प्लेसिस पर जूता फेंका गया।

Video: चेन्नई में आइपीएल को लेकर हुआ जबरदस्त विरोध, खिलाड़ियों पर फेंका गया जूता
Video: चेन्नई में आइपीएल को लेकर हुआ जबरदस्त विरोध, खिलाड़ियों पर फेंका गया जूता

चेन्नई, पीटीआइ। पहले से ही इस बात की आशंका जताई जा रही थी कि इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) को चेन्नई में भारी विरोध का सामना करना पड़ सकता है, तो वह बात सच साबित हो रही है और भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को टीवीके के समर्थकों और तमिल निर्देशकों के नए फोरम ने आइपीएल का विरोध करने का फैसला किया। खिलाड़ियों पर फेंका गया जूता।

जडेजा और डु प्लेसिस पर फेंका जूता

एमए चिदंबरम स्टेडियम में मुकाबले के दौरान पुलिस ने रवींद्र जडेजा और फाफ डु प्लेसिस पर जूता फेंकने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया। यह घटना नाइटराइडर्स की पारी के आठवें ओवर के दौरान घटी। दर्शकों के बीच से लांगऑन पर फील्डिंग कर रहे जडेजा की ओर जूता उछाला गया जो उनसे दूर गिरा। उसी जगह बाउंड्री के पास डु प्लेसिस और लुंगी नगीदी भी टहल रहे थे। पुलिस ने जूता उछालने वाले दोनों शख्स की पहचान तमिलनाडु के प्रदर्शनकारी ग्रुप के सदस्यों के रूप में की है।

(खिलाड़ियों पर जूता फेंकने का वीडियो)

(वीडियो साभार- यू ट्यूब)

टीवीके के कार्यकर्ताओं ने स्टेडियम का घेराव करने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें तत्काल हटा दिया। इस दौरान टीवीके कार्यकर्ताओं ने आइपीएल मैच नहीं कराने के नारे लगाए। आइपीएल मैच का विरोध कर रहे कार्यकर्ता अपने हाथों में बैनर लिए थे जिन पर लिखा था कि हम आइपीएल नहीं चाहते, हम कावेरी मैनेजमेंट बोर्ड चाहते हैं। इसके अलावा वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे भी लगा रहे थे। इन्होंने आरोप लगाया है कि राज्य में कावेरी जल विवाद से ध्यान भटकाने के लिए मुकाबलों का आयोजन कराया जा रहा है।

तैनात थे 4000 पुलिसकर्मी

इस विरोध प्रदर्शन को ध्यान में रखकर मई 2015 के बाद पहली बार आइपीएल मुकाबले को आयोजित कर रहे एमए चिदंबरम स्टेडियम की सुरक्षा के लिए करीब 4000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। इसके अलावा कमांडो और रैपिड एक्शन फोर्स के जवान भी मौजूद थे। प्रदर्शनकारियों से मिली धमकी के बाद क्रिकेटरों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई थी। इसके मद्देनजर होटल से स्टेडियम जाने के लिए भी कड़ी सुरक्षा के इंतजामात किए गए। हालांकि तमाम कोशिशों के बावजूद चेन्नई सुपर किंग्स की टीम थोड़ी देरी से स्टेडियम पहुंची। पुलिस के मुताबिक टीवीके और वीसीके के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अन्ना सलाइ और टीटीके सलाइ के बीच सड़क को जाम करके ट्रैफिक सेवा को बिगाड़ने का काम किया। कुछ जगहों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प भी देखने को मिली।

यह है मामला 

तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच कावेरी नदी के जल बंटवारे को लेकर दोनों राज्यों में तनातनी मची हुई है। करीब एक हफ्ते से कावेरी नदी के जल बंटवारे को लेकर प्रदर्शन कर रहे तमिल संगठनों ने मंगलवार को चेन्नई स्थित एमए चिदंबरम स्टेडियम के बाहर प्रदर्शन करने की धमकी दी थी।

केंद्रीय गृह सचिव से मिले राजीव शुक्ला

कावेरी विवाद से आइपीएल के मुकाबलों की चेन्नई में मेजबानी पर उठे सवालों के साथ आइपीएल के चेयरमैन राजीव शुक्ला ने केंद्रीय गृह सचिव राजीव गाबा से मुलाकात की। उन्होंने चेन्नई में होने वाले मुकाबलों के लिए सुरक्षा की मांग की, जिस पर केंद्रीय गृह सचिव ने उन्हें पर्याप्त सुरक्षाबल मुहैया कराने का भरोसा दिया। शुक्ला ने बताया कि गृह सचिव ने तमिलनाडु के डीजीपी से बात की थी।

क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
अन्य खेलों की खबरों के लिए यहां क्लिक करें