बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के आयोजन स्थल में हो सकता है बदलाव, रांची से छिनेगी भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच की मेजबानी
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट मैच का आयोजन स्थल रांची से बदला जा ...और पढ़ें

भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो: BCCI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अभिषेक त्रिपाठी, जागरण, नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली बहुप्रतीक्षित बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (बीजीटी) की मेजबानी इस बार भारत करेगा। दोनों टीमों के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज अगले साल 21 जनवरी से शुरू होगी और 27 फरवरी तक चलेगी। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, सीरीज का पहला टेस्ट नागपुर, दूसरा चेन्नई, तीसरा गुवाहाटी, चौथा रांची और पांचवां एवं आखिरी टेस्ट अहमदाबाद में खेला जाना है।
हालांकि, अब सीरीज शुरू होने से पहले ही मुकाबले के आयोजन स्थल में बदलाव की चर्चा सामने आई है। रांची में प्रस्तावित चौथे टेस्ट को किसी अन्य शहर में स्थानांतरित किया जा सकता है। इसके लिए विशाखापत्तनम हैदराबाद और राजकोट जैसे शहरों के नाम सामने आ रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से अभी अंतिम फैसला सामने नहीं आया है।
आयोजन स्थल में क्यों किया जाएगा बदलाव?
रांची के आयोजन स्थल में बदलाव की चर्चा के पीछे मुख्य वजह सर्दियों के दौरान वहां जल्दी सूर्यास्त होना बताई जा रही है। टीम प्रबंधन ने बीसीसीआई के सामने यह मुद्दा उठाया है कि जनवरी-फरवरी के दौरान रांची में सूरज के जल्दी ढालने के कारण शाम जल्दी हो जाती है। ऐसे में टेस्ट मैच के दौरान रोशनी की कमी के कारण खेल के समय में कटौती हो सकती है और पांच दिन का मुकाबला निर्धारित समय में पूरा करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
यह सीरीज भारत के लिए टेस्ट सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में टीम प्रबंधन चाहता है कि मैचों के आयोजन स्थल और समय का चयन इस तरह किया जाए, जिससे पांचों टेस्ट में अधिक से अधिक खेल हो सके। सीरीज के अन्य आयोजन स्थलों को लेकर फिलहाल किसी बदलाव की चर्चा नहीं है। नागपुर और अहमदाबाद देश के पश्चिमी हिस्से में, चेन्नई दक्षिण भारत में, जबकि गुवाहाटी और रांची पूर्वी हिस्से में स्थित हैं।
गुवाहाटी भी चर्चा के केंद्र में
रांची में शाम जल्दी होने की समस्या को देखते हुए उसके मुकाबले को किसी दूसरे शहर में स्थानांतरित करने पर विचार किया जा रहा है। वहीं, गुवाहाटी को लेकर भी समय में मामूली बदलाव संभव है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया असम से हैं और गुवाहाटी में टेस्ट की मेजबानी का कार्यक्रम फिलहाल बरकरार रहने की संभावना है। हालांकि, वहां दिन की रोशनी का अधिकतम इस्तेमाल करने के लिए मैच सामान्य समय से करीब आधा घंटा पहले शुरू किया जा सकता है।
टीम प्रबंधन चाहता है कि उस समय रांची में ठंड होगी इसलिए न ही उस तरह की पिच मिलेगी न ही पूरा मैच होगा। ऐसे में रांची के मैच को दक्षिण और पश्चिम के शहरों में कराए जाने की सिफारिश की गई है।
भारत की WTC में स्थिति
डब्ल्यूटीसी अंक तालिका की बात करें तो मौजूदा स्थिति में भारत 68 अंकों और 51.52 जीत प्रतिशत के साथ पांचवें स्थान पर है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया 96 अंकों और 80 जीत प्रतिशत के साथ शीर्ष पर है। भारत के लिए घरेलू परिस्थितियों में इस सीरीज का परिणाम उसके डब्ल्यूटीसी फाइनल की दावेदारी पर बड़ा असर डाल सकता है।
