विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टीम इंडिया से लगातार नजरअंदाज किए जाने पर भुवनेश्वर कुमार ने तोड़ी चुप्पी, बताया क्या है प्राथमिकता

Published: Sun, 02 Aug 2026 02:39 PM (IST)

तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को लगातार भारतीय टीम से नजरअंदाज किया जा रहा है। इसे लेकर अब उन्होंने अपनी चुप्पी तोड़ी है।

भुवनेश्वर कुमार की नहीं हो रही टीम इंडिया में वापसी

भुवनेश्वर कुमार की नहीं हो रही टीम इंडिया में वापसी

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम से लंबे समय से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने अब अपनी चुप्पी तोड़ी है। उनका कहना है कि अब उनके लिए टीम इंडिया में वापसी प्राथमिकता नहीं है और वह भारतीय टीम से बाहर की जिंदगी के साथ खुश रहना सीख गए हैं।

हाल ही में भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा था कि भुवनेश्वर कुमार को टीम इंडिया में जगह मिलनी चाहिए। अश्विन ने कहा था कि भारत को अगले साल साउथ अफ्रीका में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में भुवनेश्वर कुमार की जरूरत पड़ेगी।

जुनून के लिए खेल रहे हैं भुवनेश्वर

भुवनेश्वर को अब इस बात से फर्क नहीं पड़ता कि वह टीम इंडिया में वापसी करेंगे या नहीं। उन्होंने कहा है कि वह अब सिर्फ जुनून के चलते खेल रहे हैं। भुवनेश्वर साल 2022 से टीम इंडिया से बाहर हैं। हालांकि, वह घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दो आईपीएल जिताने में अहम रोल निभाया है।

भुवनेश्वर ने रविवार को आरसीबी के पॉडकास्ट पर बात करते हुए टीम इंडिया में वापसी को लेकर कहा, "मैं भारत के लिए खेल चुका हूं। ये वो चीज नहीं है जो मुझे हासिल करनी है। अगर मुझे एक और मौका मिलता है तो ये अच्छी बात है, लेकिन मैं वहां रह चुका हूं। मैं इस समय जो भी कर रहा हूं वो सिर्फ खेल के प्यार के कारण कर रहा हूं। मुझे पता है कि मुझे अनुशासन में रहना होगा।"

उन्होंने कहा, "मैं घरेलू क्रिकेट खेल रहा हूं। मैं यूपी टी20 लीग खेल रहा हूं। मैं इस बात को सुनिश्चित करना चाहता हूं कि क्रिकेट के लगातार टच में रहूं और साथ ही अपने आप को रिकवर करने के लिए जरूरी ब्रेक भी दूं।"

परिवार को कहा शुक्रिया

भुवनेश्वर ने इंटरनेशनल क्रिकेट से बाहर की जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए अपने परिवार का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, "मैं इस समय शांति के साथ जिंदगी जी रहा हूं। मैं इसके लिए अपने परिवार को शुक्रिया कहता हूं। घर पर हम बिल्कुल भी क्रिकेट के बारे में बात नहीं करते हैं। हम इस बारे में बात नहीं करते हैं कि मैं टीम इंडिया में वापस आऊंगा या नहीं या मैं क्यों सेलेक्ट नहीं हो रहा।"