विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 02, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

केंद्रीय सूचना आयोग के फैसले को चुनौती देना चाहता है बीसीसीआइ

By Sanjay SavernEdited By:
Published: Tue, 02 Oct 2018 08:58 PM (IST)

बीसीसीआइ सीआइसी के आदेश को चुनौती देने का विचार बना रहा है।

केंद्रीय सूचना आयोग के फैसले को चुनौती देना चाहता है बीसीसीआइ
केंद्रीय सूचना आयोग के फैसले को चुनौती देना चाहता है बीसीसीआइ

नई दिल्ली, प्रेट्र। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआइ) केंद्रीय सूचना आयोग (सीआइसी) के आदेश को चुनौती देने का विचार बना रहा है। सीआइसी ने अपने निर्देश में क्रिकेट बोर्ड को सूचना का अधिकार (आरटीआइ) कानून दायरे में लाने को कहा। बोर्ड के एक शीर्ष अधिकारी ने साथ ही इस मामले से निपटने में प्रशासकों की समिति (सीओए) पर 'जानबूझकर लापरवाही' बरतने का आरोप लगाया। सीआइसी के इस फैसले का मतलब है कि बीसीसीआइ को राष्ट्रीय खेल महासंघ (एनएसएफ) माना जाएगा। बीसीसीआइ आरटीआइ कानून के दायरे में आने का विरोध करता है और खुद को स्वायत्त संस्था बताता है।

बोर्ड का मानना है कि इस झटके के लिए सीओए जिम्मेदार है। सीआइसी के आदेश के विधिक असर के बारे में बात करते हुए बीसीसीआइ के एक सीनियर अधिकारी ने मंगलवार को कहा, 'मेरा मानना है कि बीसीसीआइ के कानूनी प्रतिनिधित्व के अधिकार पर सीओए की ओर से जानबूझकर लापरवाही भरा रवैया अपनाया गया।' सीआइसी ने बीसीसीआइ को निर्देश दिया है कि वह आरटीआइ कानून के तहत ऑनलाइन और ऑफलाइन सूचना आवेदन देने की प्रणाली 15 दिन के भीतर लागू करे। उन्होंने कहा, 'सीआइसी की 10 जुलाई की सुनवाई में पूछा गया था कि बीसीसीआइ को आरटीआइ कानून के दायरे में क्यों नहीं आना चाहिए। बीसीसीआइ ने इस मामले में जवाब तक दायर नहीं किया और कारण बताओ नोटिस पर भी जवाब नहीं दिया। अब एकमात्र तरीका इसे हाई कोर्ट में चुनौती देना और फिर आगे बढ़ना है।'

एक अन्य बीसीसीआइ अधिकारी ने कहा कि विनोद राय और डायना इडुल्जी की मौजूदगी वाले सीओए ने संभवत: चुनाव की घोषणा करने से पहले बोर्ड को आरटीआइ के दायरे में लाने की कोशिश की। अधिकारी ने कहा, 'हमने सुना है कि बीसीसीआइ आंशिक तौर पर आरटीआइ के दायरे में आना चाहता है और टीम चयन जैस मुद्दों का रहस्योद्घाटन नहीं करना चाहता। क्या यह मजाक है। अगर बीसीसीआइ चुनौती देता है, तो बीच का कोई रास्ता नहीं होगा। या तो सब कुछ मिलेगा या कुछ नहीं मिलेगा।'

अधिकारी ने कहा कि आरटीआइ के दायरे में आने पर टीम चयन की प्रक्रिया या आइपीएल फ्रेंचाइजियों की इसमें भूमिका थी या नहीं जैसे सवाल पूछे जा सकते हैं। शेयरधारकों के पैटर्न और निवेश के बारे में पूछा जा सकता है। अधिकारी ने कहा कि इसके अलावा अधिकारी के निजी आचरण और कार्यस्थल पर महिला उत्पीड़न जैसे सवाल पूछे जा सकते हैं। राय ने कहा कि सीओए बोर्ड में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन उन्होंने सीआइसी के आदेश पर कोई प्रत्यक्ष प्रतिक्रिया नहीं दी।

राय ने कहा, 'सीआइसी के आदेश पर आगे बढ़ते हुए हम यह बताना चाहते हैं कि हम तहेदिल से पारदर्शिता का समर्थन करते हैं और वेबसाइट के रूप में हमने मजबूत मंच तैयार किया है। इस माध्यम के जरिये हम अपनी प्रक्रिया और फैसलों को सार्वजनिक मंच पर रख रहे हैं। हमारी वेबसाइट और विस्तृत हो रही है, जिसमें पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर दिया गया है। सीओए बीसीसीआइ में सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता को लेकर प्रतिबद्ध है और पेशेवर प्रशासन के साथ अच्छे संचालन को लागू किया गया है।'

राय के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बीसीसीआइ के अधिकारी ने कहा कि सीओए प्रमुख पारदर्शिता को लेकर सही बात कर रहे हैं, लेकिन उनके काम में इसका इरादा नजर नहीं आता। उन्होंने कहा, 'उनके लिए अपने ही फैसलों का जवाब देना आसान नहीं होगा, जिसमें उन्हें संस्थान के भीतर सूचना के प्रवाह को सीमित कर दिया है, जिसके फैसले लेने की प्रक्रिया में सिर्फ तीन लोग शामिल होते हैं और किसी के भी द्वारा अहम सवाल का कोई जवाब नहीं जाता और इसमें कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न के मामले भी शामिल हैं। सीआइसी के आदेश के संदर्भ में बीसीसीआइ के जवाब तक दायर नहीं किया। वह शायद इसे नहीं समझें, लेकिन इस मामले में पक्ष बीसीसीआइ था, सीओए नहीं। इस संदर्भ में यह बयान मौजूदा प्रशासन की अक्षमता और दुर्भावना को छिपाने का प्रयास है।'

अधिकारी ने कहा कि वह सुप्रीम कोर्ट था, जिसने बीसीसीआइ को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए उसके ढांचे में सुधार किया। उन्होंने कहा, 'वह अदालत का माध्यम है और वह सुप्रीम कोर्ट के काम का श्रेय नहीं ले सकते।' सीओए के करीबी एक अन्य सीनियर पदाधिकारी ने कहा कि वकील सीआइसी के फैसले का अध्ययन कर रहे हैं और उचित कानूनी रास्ता अपनाया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।