टीम इंडिया से होगी इस अहम शख्स की छुट्टी, कोच और सेलेक्टर्स सहित कई खिलाड़ी बने वजह!
भारतीय टीम इस समय अपने खिलाड़ियों की चोटों से परेशान है। इसी को देखते हुए बीसीसीआई एक बड़ा फैसला लेने को तैयार है।
-1789103132682_m.webp)
टीम इंडिया में होगा बदलाव

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत रविवार से हो रही है। इस सीरीज में कई खिलाड़ी चोटिल होकर लौटे हैं तो वहीं कई अभी भी चोटिल हैं। इसी को देखते हुए टीम मैनेजमेंट एक कड़ा फैसला लेने की सोच रहा है। बीसीसीआई टीम के फिजियो कमलेश जैन को हटाने जा रहा है।
समाचार एजेंसी पीटीआई ने अपनी रिपोर्ट में इस बात की जानकारी दी है। रिपोर्ट में बताया गया है कि बीते छह से आठ महीनों में खिलाड़ियों के लगातार चोटिल होने के चलते टीम की प्लानिंग पर बुरा असर पड़ा है और इसी कारण बीसीसीआई फिजियो को हटाने को तैयार है।
नोटिस पीरियड पर हैं कमलेश
पीटीआई ने अपनी रिपोर्ट में बीसीसीआई के सूत्रों के हवाले से लिखा है, "कमलेश नोटिस पीरियड पर हैं। ये एशियाई खेलों की टीम है जो अफगानिस्तान के खिलाफ खेल रही है। फिजियो और स्ट्रैंग्थ एंड कंडीशनिंग कोच टीम के साथ जापान जाएंगे।"
नेशनल सेलेक्टर्स और कोच गौतम गंभीर अहम खिलाड़ियों की चोटों को लेकर लगातार चिंतित हैं। ऐसे में स्पोर्ट्स साइंस टीम से किसी न किसी को जाना पड़ेगा। जैन फिजियो हैं और इसी कारण उनका नाम सबसे आगे है।
हर्षित राणा हुए बाहर
वॉशिंगटन सुंदर तो ठीक होकर टीम में वापस आ गए हैं, लेकिन हर्षित राणा अफगानिस्तान सीरीज के अलावा एशियाई खेलों से भी बाहर हैं। राणा लंबे समय बाद इंग्लैंड दौरे पर टीम के साथ लौटे थे। उन्होंने चोट से वापसी की थी, लेकिन इसी दौरे पर वह दोबारा चोटिल हो गए थे। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या की चोटों पर भी स्थिति साफ नहीं है। नीतीश कुमार रेड्डी की चोट से भी टीम परेशान रही है।
