विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 10, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

BCCI: जय शाह बन सकते हैं बीसीसीआइ के अगले अध्यक्ष, रविवार रात फिर हुई अहम बैठक

By Sanjay SavernEdited By:
Published: Mon, 10 Oct 2022 04:37 AM (IST)Updated: Mon, 10 Oct 2022 06:44 AM (IST)

BCCI बीसीसीआइ के अगले अध्यक्ष सौरव गांगुली की जगह जय शाह बन सकते हैं जो वर्तमान में बोर्ड के सचिव हैं। इसके अलावा राज्यसभा के सदस्य राजीव शुक्ला सचिव बनने की होड़ में सबसे आगे चल रहे हैं। बीसीसीआइ का चुनाव 18 अक्टूबर को मुंबई में होगा।

बीसीसीआइ का चुनाव 18 अक्टूबर को होगा (एपी फोटो)
बीसीसीआइ का चुनाव 18 अक्टूबर को होगा (एपी फोटो)

अभिषेक त्रिपाठी, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआइ) के दिग्गजों की गुरुवार को दो अहम बैठकें दिल्ली में हुईं थी। इसके बाद रविवार को भी एक बैठक हुई, जिसमें लगभग ये तय हो गया है कि देश के गृह मंत्री अमित शाह के बेटे और वर्तमान सचिव, पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली की जगह बीसीसीआइ अध्यक्ष बन सकते हैं। वर्तमान बीसीसीआइ उपाध्यक्ष और कांग्रेस से राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला सचिव बनने की दौड़ में सबसे आगे हैं।

गुरुवार को बीसीसीआइ अध्यक्ष सौरव गांगुली, सचिव जय शाह, उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, पूर्व अध्यक्ष एन. श्रीनिवासन, आइपीएल चेयरमैन बृजेश पटेल, पूर्व सचिव निरंजन शाह, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने बैठक में भाग लिया। रविवार को हुई बैठक में भी इनमें से अधिकतर दिग्गज शामिल रहे। पिछली बैठक में एक बड़े मंत्री ने सबके विचार जाने थे। रविवार को सबको बता दिया गया कि कौन किस पद पर नामांकन करेगा। हालांकि बीसीसीआइ के चुनाव में जब तक कोई पद हासिल न कर ले तब तक कोई भी बदलाव संभव है। पिछले कई चुनाव में ऐसा देखा गया है।

दैनिक जागरण ने शुक्रवार को ही बता दिया था कि इस बार सौरव गांगुली को बीसीसीआइ में कोई पद नहीं मिलेगा क्योंकि भाजपा नेतृत्व उनसे खफा है। कर्नाटक से आने वाले 1983 विश्व कप चैंपियन टीम के सदस्य रोजर बिन्नी के अलावा दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के पुत्र रोहन जेटली, ओडिशा क्रिकेट संघ से आने वाले संजय बेहरा, हरियाणा क्रिकेट संघ से आने वाले अनिरुद्ध चौधरी और असम क्रिकेट संघ के किसी व्यक्ति को भी पड़ दिया जा सकता है।

वर्तमान संयुक्त सचिव जयेश जार्ज और आइपीएल चेयरमैन बृजेश पटेल भी अगला चुनाव नहीं लड़ेंगे। खबर यह भी है कि केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के भाई और वर्तमान कोषाध्यक्ष अरुण सिंह धूमल भी चुनाव नहीं लड़ने का निर्णय कर सकते हैं। बीसीसीआइ का चुनाव 18 अक्टूबर को मुंबई में होगा। 11 और 12 अक्टूबर को नामांकन होगा। 13 अक्टूबर को आवेदन की जांच की जाएगी। 14 तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकता है। इसके बाद सही नामांकन करने वालों की लिस्ट 15 अक्टूबर को जारी की जाएगी। 18 अक्टूबर को रिजल्ट घोषित होगा। सब कुछ सर्वसम्मति से होगा। इसका मतलब यह है जो नामांकन करेगा उसका जीतना सुनिश्चित होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।