BCCI ने महिला क्रिकेट टीम का सालाना अनुबंध जारी किया, ग्रेड ए खिलाड़ी को मिलेंगे 50 लाख
BCCI ने महिला क्रिकेट टीम के लिए भी सालाना अनुबंध की घोषणा कर दी है।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय क्रिकेट बोर्ड यानी बीसीसीआइ ने पुरुष क्रिकेट टीम के बाद महिला क्रिकेट टीम के लिए भी सालाना अनुबंध की घोषणा कर दी है। ये अनुबंध अक्टूबर 2019 से लेकर सितंबर 2020 तक के लिए हैं। महिला टीम के खिलाड़ियों को तीन ग्रुप यानी ग्रेड ए, बी और सी में बांटा गया है। नए अनुबंध के मुताबिक ग्रेड ए में तीन खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
ग्रेड ए में जिन तीन खिलाड़ियों को शामिल किया गया है उनमें हरमनप्रीत कौर, स्मृित मंधाना और पूनम यादव शामिल हैं। इन खिलाड़ियों को 50 लाख रुपये मिलेंगे। वहीं ग्रेड बी में इस बार आठ खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इन खिलाड़ियों में मिताली राज, झूलन गोस्वामी, एकता बिष्ट, राधा यादव, शिखा पांडे, दिप्ती शर्मा, जेमिमाह रोड्रिग्ज और तानिया भाटिया शामिल हैं। ग्रेड बी के खिलाड़ियों को 30 लाख रुपये दिए जाएंगे।
ग्रेड सी में 11 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इनमें वेदा कृष्णमूर्ति, पूनम राउत, अनुजा पाटिल, मानसी जोशी, डी हेमलता, अरुंधती रेड्डी, राजेश्वरी गायकवाड़, पूजा वस्त्रकर, हरलीन देओल, प्रिया पूनिया और शेफाली वर्मा मौजूद हैं। इन खिलाड़ियों को सालाना दस लाख रुपये अनुबंध के तौर पर दिए जाएंगे।
महिला खिलाड़ियों को तीन ग्रेडों में बांटा गया है और उन्हें मिलने वाली राशि ये है-
ग्रेड ए- 50 लाख
ग्रेड बी- 30 लाख
ग्रेड सी- 10 लाश
सालाना अनुबंध में भारत की सबसे अनुभवी खिलाड़ियों जैसे कि मिताली राज और झूलन गोस्वामी को ग्रेड बी में शामिल किया गया है। यहां पर गौर करने वाली बात ये है कि पुरुष टीम और महिला टीम के अनुबंध में जमीन और आसमान का फर्क है। एक तरह जहां पुरुष खिलाड़ियो में जिन्हें ग्रेड ए प्लस में रखा जाता है उन्हें सात करोड़ रुपये दिए जाते हैं। इसके अलावा सी कैटेगरी में शामिल खिलाड़ियों को भी एक करोड़ रुपये दिए जाते हैं। यानी महिला टीम के ग्रेड ए खिलाड़ी को पुरुष टीम के सबसे निचले ग्रेड के खिलाड़ियों के मुकाबले भी 50 लाख रुपये कम दिए जाते हैं।