रणजी ट्रॉफी मैच में अंपायरिंग कर रहा है ये ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज, BCCI ने किया फैसला तो सीए ने दिया साथ; जानिए क्यों हुआ ऐसा
भारत के प्रमुख घरेलू टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी में एक ऑस्ट्रेलियन अंपायर अंपायरिंग कर रहा है। ऐसा आम तौर पर होता ...और पढ़ें

रणजी ट्रॉफी में नजर आया ऑस्ट्रेलियाई अंपायर
HighLights
BCCI और CA ने अंपायर एक्सचेंज कार्यक्रम शुरू किया
ऑस्ट्रेलियाई अंपायर बेन ट्रेलोअर रणजी ट्रॉफी में अंपायरिंग कर रहे
भारतीय अंपायर पराशर जोशी ऑस्ट्रेलिया में अंपायरिंग करेंगे
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आम तौर पर किसी भी देश के घरेलू टूर्नामेंट्स में उसी देश के अंपायर होते हैं। जैसे, भारत में खेले जाने वाले रणजी ट्रॉफी टूर्नामेंट में भारत के ही अंपायर होंगे, लेकिन अब कुछ बदलने वाला है। रणजी ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलियाई अंपायर नजर आएगा। फैसला हो चुका है और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इसकी मंजूरी दे दी है।
ऐसा सिर्फ रणजी ट्रॉफी में ही नहीं होगा बल्कि ऑस्ट्रेलिया के घरेलू टूर्नामेंट में भी भारतीय अंपायर अंपायरिंग करते हुए दिखाई देंगे। अब सवाल ये है कि ऐसा हो क्यों रहा है?
यह है वजह
दरअसल, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और बीसीसीआई ने अंपायर एक्सचेंज कार्यक्रम लॉन्च किया है जिसके तहत दोनों देशों के अंपायर दूसरे देश में जाकर वहां के घरेलू टूर्नामेंट्स में अंपायरिंग करेंगे। इसी के तहत दिल्ली और गुजरात के बीच 18 अक्टूबर से शुरू हुए रणजी ट्रॉफी मैच में बेन ट्रेलोअर अंपायरिंग कर रहे हैं। इस मैच के बाद वह 26 अक्टूबर से मुंबई और हरियाणा के मैच में अंपायरिंग करेंगे।
इसी तरह भारत के पाराशर जोशी ऑस्ट्रेलिया के फर्स्ट क्लास टूर्नामेंट शेफील्ड शील्ड के दो मैचों में अंपायरिंग करने वहां जाएंगे। वह वनडे कप के मैच में भी अंपायरिंग करेंगे। जोशी क्वींसलैंड और तास्मानिया के बीच खेले जाने वाले मैच में अंपायरिंग करेंगे। यह मैच ब्रिस्बेन के गाबा में 11 से 14 नवंबर के बीच होगा। इसके बाद वह 18 नवंबर को वनडे मैच में अंपायरिंग करेंगे। फिर 22 से 25 नवंबर के बीच न्यू साउथ वेल्स और क्वींसलैंड के बीच मैच में अंपायरिंग करेंगे।
दोनों के पास है अनुभव
बेन के पास 30 फर्स्ट क्लास मैचों के अलावा 20 लिस्ट-ए, 39 बिग बैश लीग मैचों का अनुभव है। इसके अलावा वह दो महिला वनडे मैचों और चार महिला टी20 इंटरनेशनल मैचों में भी अंपायरिंग कर चुके हैं। वहीं, जोशी ने 19 फर्स्ट क्लास मैचों में अंपायरिंग की है। इसके अलावा वह 32 लिस्ट-ए मैचों में भी यह जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उन्होंने 40 टी20 मैचों में भी अंपायरिंग की है जिसमें आईपीएल के मैच भी शामिल हैं।
