यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 24, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
द. अफ्रीकी कप्तान डू प्लेसिस ने कहा- इस टीम के खिलाफ खेलना सबसे ज्यादा पसंद
द. अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे और टी 20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी।

दुबई (यूएई), एएनआइ। दक्षिण अफ्रीका को कुछ दिनों के बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाना है और इससे पहले प्रोटियाज टीम के कप्तान फॉफ डू प्लेसिस ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध खेलना उन्हें सबसे ज्यादा पसंद है। 34 वर्ष के प्लेसिस ने कहा कि कंगारू टीम उनके खिलाफ जरूर अपना बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया उनकी पसंदीदा टीम के जिसके खिलाफ उन्हें खेलना पसंद है। उनके खिलाफ खेलने के दौरान मैदान पर या फिर उसके बाहर जो कुछ भी होता है मैं उसे काफी पसंद करता हूं।
दोनों देशों के बीच इस वर्ष मार्च में टेस्ट सीरीज खेली गई थी और इसके दौरान बॉल टेंपरिंग की बातें सामने आई थी। उस टेस्ट सीरीज के बाद दोनों टीमें द्विपक्षीय सीरीज में एक-दूसरे के खिलाफ खेलने उतरेंगे। प्लेसिस ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया दौरा उनकी टीम के लिए आसान नहीं होगा खास तौर पर युवा खिलाड़ियों के लिए। ऑस्ट्रेलिया के दर्शकों के बारे में प्लेसिस ने कहा कि वहां की परिस्थिति से सामंजस्य बिठाने के लिए आपको मानसिक तौर पर काफी मजबूत रहना होगा।
प्लेसिस ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया दौरा काफी कठिन होता है। वहां के दर्शक अपनी टीम के लिए 12वें खिलाड़ी की भूमिका निभाते हैं। वहां आपको मानसिक तौर पर काफी मजबूत होकर खेलने की जरूरत है। हमारी टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं जो मैच के दौरान बाउंड्री पर फील्डिंग करेंगे। वहां उन्हें दर्शकों से काफी कुछ सुनने को मिल सकता है और ये उनकी असली परीक्षा होगी। ये उन खिलाड़ियों के लिए नई बात होगी।
डू प्लेसिस ने दक्षिण अफ्रीकी टीम में क्रिस मौरिस की वापसी के बारे में कहा कि उजले गेंद की क्रिकेट में इस ऑलराउंडर के लिए ये सीरीज बहुत अहम होगा। उजले गेंद की क्रिकेट में उनके पास काफी क्षमता है और उनमें एक्स फैक्टर मौजूद है। इस सीरीज में उन्हें अपने खेल में निरंतरता दिखानी होगी। हमें पता है कि अगर उनका दिन हुआ तो वो दुनिया के शानदार खिलाड़ियों में से एक हैं। दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज और एक मात्र टी 20 मैच 4 से 17 नवंबर के बीच खेला जाएगा।