यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 04, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
विराट से विवाद पर ही कुंबले ने दिया था इस्तीफा
कुंबले के इस्तीफे के बाद विराट की पसंद रवि शास्त्री को टीम इंडिया का मुख्य कोच बनाया गया।

नई दिल्ली, अभिषेक त्रिपाठी। एक साल के छोटे से कार्यकाल में ही कोच अनिल कुंबले और कप्तान विराट कोहली के बीच इतना विवाद बढ़ा था कि पिछले साल इंग्लैंड में ही चैंपियंस ट्रॉफी के बाद कुंबले ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
यही नहीं उन्होंने वेस्टइंडीज दौरे पर टीम के साथ जाने से इन्कार किया था जिसके बाद टीम इंडिया बिना कोच के दौरे पर गई थी। हालांकि टीम प्रबंधन और विराट ने तब भी कुंबले से मतभेद से इन्कार किया था लेकिन बाद में सब साफ हो गया था।
इसी तरह भारतीय प्रबंधन इस बार भी टीम में किसी मतभेद से इन्कार कर रहा है। कुंबले के इस्तीफे के बाद विराट की पसंद रवि शास्त्री को टीम इंडिया का मुख्य कोच बनाया गया। इसके बाद से विराट को टीम इंडिया के फैसले लेने में और आसानी हो गई।
प्रशासकों की समिति (सीओए) भी विराट के फैसलों पर ही मुहर लगाती है और यही कारण है कि वह और कोच अपने मनमुताबिक फैसले लेने में समर्थ हैं। टीम से जुड़े एक अधिकारी ने दैनिक जागरण से कहा कि प्रबंधन ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जीत हासिल करना चाहता है और उसके लिए सभी संभव कदम उठाए जाएंगे। हालांकि उन्होंने टीम में किसी भी तरह की फूट से इन्कार किया।
टीम में असमंजस की स्थिति
शिखर को बाहर करने के लिए यह तर्क दिया जा सकता है कि उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर रन नहीं बनाए लेकिन अगर आखिरी पारी को छोड़ दें तो इंग्लैंड में रन तो केएल राहुल भी नहीं बना पाए थे। यही नहीं जब रोहित ने एशिया कप में कप्तानी संभाली तो उन्होंने विराट के खास केएल राहुल को सिर्फ एक मैच में मौका दिया।
अफगानिस्तान के खिलाफ उस मैच में टीम में पांच बदलाव किए गए थे। विराट फिट नहीं थे इसलिए वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली चयनसमिति की बैठक को रद कर दिया गया।
जब विराट खेलने के लिए उपलब्ध हुए तब चयनसमिति की बैठक की गई। सूत्रों के मुताबिक विराट इस सीरीज में हर कीमत पर खेलना चाहते थे। वह नहीं चाहते कि कोई और टेस्ट टीम इंडिया की कप्तानी करे।भारतीय टीम के एक सदस्य ने कहा कि विदेशी दौरों पर नियम है कि किसी खिलाड़ी की पत्नी 15 दिनों से ज्यादा टीम के साथ नहीं रह सकती लेकिन यह नियम अनुष्का पर लागू नहीं होते। बाकी खिलाडि़यों की पत्नियों पर यह नियम लागू होते हैं जिस कारण टीम के कई सदस्यों में असमानता का भाव है।
इसके अलावा टीम इंडिया के कई खिलाड़ी खुद की जगह स्थिर नहीं मान रहे हैं। इस साल की शुरुआत में हुए दक्षिण अफ्रीकी दौरे के दौरान उप कप्तान बनकर गए अजिंक्य रहाणे को पहले टेस्ट से ही बाहर कर दिया गया था। उन्हें दूसरे मैच में भी नहीं खिलाया गया जबकि इंग्लैंड दौरे में काउंटी के प्रदर्शन को आधार बनाकर चेतेश्वर पुजारा को सीरीज के पहले टेस्ट से बाहर कर दिया गया। इसके बाद खिलाडि़यों के अंदर यह डर पैदा हो गया है कि किसी को कभी भी बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।
यही नहीं हरभजन सिंह ने टीम चयन के मानकों को समझ से परे बताया है। करुण नायर को लगातार छह मैचों में टीम में रखने के बावजूद अंतिम एकादश में मौका नहीं दिया गया। इसके बाद वेस्टइंडीज दौरे से उन्हें बाहर कर दिया गया। हरभजन कह चुके हैं कि यह ऐसा रहस्य है जिसे हल करने की जरूरत है। तीन महीने तक बेंच पर बैठा खिलाड़ी इतना बुरा कैसे हो सकता है कि वह अंतिम एकादश में जगह नहीं बना पाता।
हरभजन साफ कह चुके हैं कि लगता है कि अलग-अलग खिलाडि़यों के लिए अलग-अलग पैमाने अपनाए जाते हैं। कुछ खिलाडि़यों को सफल होने के लिए मौके दिए जाते हैं जबकि दूसरों को असफल होने के लिए भी मौका नहीं मिल रहा है।