भारतीय टीम की इन दो गेंदबाजों ने बढ़ाई टेंशन, लंबे समय तक चोट की वजह से रहेंगे बाहर
भारतीय क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है क्योंकि तेज गेंदबाज आकाश दीप और हर्षित राणा चोट के कारण लंबे समय के लिए बाहर हो गए हैं।

भारतीय क्रिकेट टीम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज आकाश दीप और हर्षित राणा लंबे समय तक टीम इंडिया से बाहर रहने वाले हैं। भारत में फिलहाल आईपीएल 2026 खेला जा रहा है और टीम इंडिया को फिलहाल कोई भी सीरीज नहीं खेलनी है। आईपीएल की समाप्ति के बाद भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलना है।
अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच के बाद टीम इंडिया को व्हाइट बॉल दौरे के लिए इंग्लैंड और आयरलैंड का दौरा करना है। दरअसल, आने वाले समय में भारतीय टीम का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच के अलावा इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे से भी आकाश दीप और हर्षित राणा बाहर हो सकते हैं। भारत के लिए ये बड़ा झटका है क्योंकि ये दोनों गेंदबाज पिछले कुछ समय से टीम के लिए लगातार खेल रहे हैं।
आकाश दीप और हर्षित राणा होंगे बाहर
न्यूज एजेंसी पीटीआई से बीसीसीआई के एक सूत्र ने नाम न छपने की शर्त पर बताया, "आकाश दीप और हर्षित राणा रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। उन्हें मैच फिटनेस हासिल करने में अभी समय लगेगा। अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच और इंग्लैंड-आयरलैंड दौरे से पहले दोनों के फिट होने की संभावना नहीं है। वे अभी फिलहाल एक्सरसाइज कर रहे हैं। इसके बाद जॉगिंग, रनिंग, स्प्रिंट और फिर रिटर्न टू प्ले से संबंधित प्रैक्टिस शुरू होगी।"
आकाश दीप को लग सकता है अधिक समय
आकाश दीप को वापसी करने में अधिक समय लग सकता है। उन्हें भारत के टेस्ट गेंदबाज के रूप में देखा जाता है। सीमित ओवर के प्रारूप में उन्हें खेलने का मौका नहीं मिलता है। कई रिपोर्ट्स की मानें, तो आकाश दलीप ट्रॉफी में वापसी कर सकते हैं। ये टूर्नामेंट अगस्त में खेला जाना है। तेज गेंदबाज आईपीएल 2026 में भी नहीं खेल सके थे और अब वे अगस्त तक क्रिकेट से बाहर हो सकते हैं।
हर्षित राणा को भी लगेगा समय
राणा भी लंबे समय से चोटिल चल रहे हैं। वे भारत के लिमिटेड ओवर फॉर्मेट के अहम गेंदबाज हैं। वनडे और टी20 में इस खिलाड़ी ने टीम इंडिया के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है। राणा चोट की वजह से टी20 वर्ल्ड कप 2026 और आईपीएल 2026 में भी नहीं खेल सके। राणा ने 2025 में वनडे में 14 मैच खेलते हुए 26 विकेट हासिल किए थे।
