यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 27, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पद्मश्री पुरस्कार के लिए नामित होने के बाद गौतम गंभीर ने कहा- बनना चाहता हूं बेहतर इंसान
गौतम गंभीर ने ट्वीट किया कि यह ऐसा सम्मान है जिसे मैं आभार के साथ स्वीकार करता हूं।

नई दिल्ली, जेएनएन। गौतम गंभीर क्रिकेटर से बेहतर इंसान बनना चाहते हैं, सुनील छेत्री राष्ट्रीय टीम की ओर से खेलते हुए बेहतर प्रदर्शन की भूख के साथ मैदान पर उतरना चाहते हैं जबकि बजरंग पूनिया ने और उपलब्धियां हासिल करने के लिए सभी की दुआएं मांगी हैं। पद्मश्री पुरस्कारों के लिए नामित होने के बाद इन खिलाडि़यों ने ट्विटर पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
भारत को दो बार विश्व चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले गौतम गंभीर ने ट्वीट किया, 'यह ऐसा सम्मान है जिसे मैं आभार के साथ स्वीकार करता हूं लेकिन इसके साथ जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। मैं उस दिन के लिए जी रहा हूं जब इंसान के रूप में गौतम गंभीर 'क्रिकेटर गौतम गंभीर' को पीछे छोड़ देगा। यह मेरा दिन होगा, यह मेरा खुद को पुरस्कार होगा।' छेत्री पद्मश्री हासिल करने वाले छठे फुटबॉलर होंगे। उन्होंने लिखा, 'मुझे कृतज्ञ होने का एक और कारण मिला। इतने वर्षो तक मुझे टीम के जिन साथियों, कोच, स्टाफ, मालिशियों, फिजियो और प्रबंधन के साथ काम करने का मौका मिला, यह सम्मान उनके लिए भी है। यह मेरी मां, पिता, सोनम, बंदू, लांबा, क्रुणाल और मेरे मित्रों के लिए भी है जो हमेशा मेरे साथ खड़े रहे और मुझे अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। मैं इस वादे के साथ अंत करता हूं कि मैं जब भी देश और क्लब के लिए मैदान पर कदम रखूंगा तब मेरे अंदर भूख बढ़ जाएगी और प्रत्येक दिन मैं बेहतर इंसान बनने की कोशिश करूंगा।
'एशियन गेम्स के चैंपियन बजरंग ने लिखा, प्रतिष्ठित पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा जाना सम्मान की बात है। यह आपके (प्रशंसकों के) प्यार और दुआओं के बिना संभव नहीं होता। मुझे दुआएं देते रहें जिससे कि मैं हमेशा आपकी उम्मीदों को पूरा करता रहूं।' वहीं, पिछले दो मौकों पर अनदेखी के बाद भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंता शरत कमल ने कहा, 'यह मेरा पहला नागरिक सम्मान है। जब यह खबर मिली तो मैं अपने दोस्तों के साथ था। मेरे फोन की बैटरी खत्म हो गई और घर वापस लौटने के बाद से माहौल काफी खुशनुमा है। मैं बेहतरीन महसूस कर रहा हूं। विशेषकर यह देखते हुए कि किन लोगों को पद्मश्री के लिए चुना गया है। दो बार विफल प्रयास के साथ मैं सुनिश्चित नहीं था कि इस बार भी मुझे यह मिलेगा या नहीं, लेकिन पिछले साल के प्रदर्शन के बाद कुछ भी संभव था।'
उनके अलावा पद्मश्री के लिए नामित होने वाले भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान अजय ठाकुर ने कहा, 'यह खेल हमारे देश में लोकप्रिय बन जाएगा। मुझे लगता है कि इस खेल से शायद अन्य किसी को यह पुरस्कार नहीं मिला है। सरकार ने इस खेल की लोकप्रियता को पहचाना है। मेरा इस पुरस्कार से हौसला बढ़ा है और भविष्य में शानदार प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा।'