यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 05, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पाकिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया टीम की घोषणा, दो उपकप्तान चुने गए
फिंच को आगामी टी-20 क्रिकेट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम का कप्तान बनाया गया है।

मेलबोर्न। एरोन फिंच को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली आगामी टी-20 क्रिकेट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम का कप्तान बनाया गया है। फिंच इससे पहले जिम्बाब्वे में टी-20 टीम की कप्तानी कर चुके हैं और यूएई में दो टेस्टों की सीरीज के लिए चुने गए पांच पदार्पण खिलाड़ियों में शामिल थे।आरोन फिंच की कप्तानी वाली 14 सदस्यीय टीम में मिचेल मार्श और विकेटकीपर एलेक्स कैरी को उपकप्तान बनाया गया है।
नए उभरते हुए खिलाड़ियों में एडम जम्पा और बेन मॅक्डरमोट को भी हालिया प्रदर्शन की बदौलत टीम में जगह मिली है। दोनों टीमों के बीच दुबई में 24, 26 और 28 अक्टूबर को तीन टी-20 मैच खेले जाएंगे। ऑस्ट्रेलियाई टीम के कोच जस्टिन लेंगर ने कहा कि यूएई में हमारी टेस्ट टीम ने कमाल का प्रदर्शन किया था और फिंच ने भी काफी प्रभावित किया था। हम जानते हैं कि वह प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और टी-20 प्रारूप में तो दुनिया में चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं।
बल्लेबाज क्रिस लिन और गेंदबाज नाथन कोल्टर नील की भी चोट के बाद वापसी हो रही है। लिन का जेएलटी कप में प्रदर्शन बेहतरीन रहा था और उन्होंने दिखाया कि वे कितने आक्रामक खिलाड़ी हैं।
टी 20 के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम :
एरोन फिंच (कप्तान), मिचेल मार्श, एलेक्स कारी, एश्टन एगर, नाथन कोल्टर नील, क्रिस लिन, नाथन लियोन, ग्लेन मैक्सवेल, बेन मॅक्डरमोट, डी आर्सी शॉर्ट, बिली स्टेनलेक, मिचेल स्टार्क, एंड्रयू टाई, एडम जम्पा।