IND vs SA: बिना तैयारी के दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर गयी टीम इंडिया : बेदी
बेदी से जब दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय टीम की तैयारियों के बारे में पूछा गया तो बेदी ने कड़ा जवाब दिया।
नई दिल्ली, प्रेट्र। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी दक्षिण अफ्रीका दौरे पर मौजूदा टीम के प्रदर्शन से बिलकुल हैरान नहीं हैं। बेदी का मानना है कि भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर बिना किसी गंभीर तैयारी के गई। बेदी ने यहां तक कहा कि श्रीलंका के खिलाफ सीरीज खेलकर भारत ने अपना वक्त बर्बाद किया।
भारत ने दक्षिण अफ्रीका दौरे पर जाने से पहले श्रीलंका को घरेलू सीरीज में हराया था। बेदी से जब दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय टीम की तैयारियों के बारे में पूछा गया तो बेदी ने कड़ा जवाब दिया। भारतीय स्पिन चौकड़ी के सदस्य रहे बेदी ने कहा, 'इस दौरे के लिए कोई तैयारी नहीं की गई थी। हमनें श्रीलंका के साथ अपना वक्त बर्बाद किया। एक कमजोर टीम के साथ डेढ़ महीने खेलने का कोई औचित्य नहीं था। हमें उस समय दक्षिण अफ्रीका के लिए तैयारी करनी चाहिए थी।
दक्षिण अफ्रीका का दौरा मुश्किल होना था और इसके लिए कड़ी तैयारी करने की जरूरत थी। आपने पहले श्रीलंका को श्रीलंका में हराया और फिर उन्हें भारत बुला लिया, क्यों? इससे अच्छा होता कि भारतीय क्रिकेटर या तो घरेलू क्रिकेट खेलते या फिर इस दौरे के लिए खास तैयारी करते।'
भारतीय टीम ने इस दौरे पर अभ्यास मैच भी नहीं खेला। हालांकि, बेदी मानते हैं कि अभी बहुत घबराने की जरूरत नहीं है। बेदी ने कहा, 'भारत को हर मोर्चे पर मात दी गई है। यह घबराने की नहीं, चिंता करने की बात है। गेंदबाजों ने अच्छा काम किया है। कैच पकड़ने और बल्लेबाजी पर काफी काम करने की जरूरत है।'
भारत को इस साल इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर भी जाना है, लेकिन दक्षिण अफ्रीका में अब तक के प्रदर्शन से निश्चित तौर पर भविष्य के दौरों के लिए प्रशंसकों की उम्मीदों में इजाफा नहीं हुआ होगा। बेदी का मानना है कि अंतिम एकादश का चयन करते समय पांच दिवसीय फॉर्म पर वनडे मैचों की फॉर्म को तरजीह दी गई। इसका एक उदाहरण पहले दो टेस्ट के लिए उप कप्तान अजिंक्य रहाणे पर रोहित शर्मा को तरजीह देना है।
रोहित ने चार पारियों में 19.50 की औसत से अब तक 78 रन बनाए हैं। उन्होंने कहा, 'टीम चुनना मेरा काम नहीं है। मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि फैसले करने की प्रक्रिया का हिस्सा उप कप्तान नहीं खेल रहा। मैं इससे सहमत नहीं हूं।' बेदी ने साथ ही कहा कि केपटाउन में छह विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को बाहर करना भी हैरानी भरा फैसला था।