वोट की खातिर अपने जन्मदिन पर दुबई से लौटे सचिन
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर लोक सभा चुनाव में मतदान के लिए दुबई से मुंबई लौट आए हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) की टीम मुंबई इंडियंस के 'आइकन' सचिन आज मतदान करने के लिए लौटे थे। आज तेंदुलकर का जन्म दिन भी है। राज्य सभा के सदस्य तेंदुलकर ने मुंबईवासियों से अपील की है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर लोक सभा चुनाव में मतदान के लिए दुबई से मुंबई लौट आए और आज उन्होंने अपना वोट डाला। इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) की टीम मुंबई इंडियंस के 'आइकन' सचिन आज मतदान करने के लिए ही लौटे थे। आज तेंदुलकर का 41वां जन्म दिन भी है।
राज्य सभा के सदस्य तेंदुलकर ने मुंबईवासियों से अपील की है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान करें। उन्होंने अपने फेसबुक फेज पर लिखा, 'क्रिकेट के खेल में हर रन महत्व रखता है, जबकि चुनाव में हर वोट कीमती होता है। अपने वोट की ताकत को कम न आंके। मैं मुंबई में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करूंगा। उम्मीद है आप सभी अपना कर्तव्य निभाएंगे।' वहीं, वोट डालने के बाद सचिन ने अपना मतदान चिन्ह दिखाते हुए एक सेल्फी (खुद खींची हुई तस्वीर) भी फेसबुक पर पोस्ट की है।
सचिन का घर बांद्रा में है, जो मुंबई उत्तर-मध्य लोकसभा क्षेत्र में आता है। 'भारत रत्न' तेंदुलकर ने पिछले साल नवंबर में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उन्होंने अपना अंतिम मैच घरेलू दर्शकों के सामने वानखेड़े स्टेडियम में खेला था। संसद में 48 सदस्य भेजने वाले महाराष्ट्र में तीन चरणों में चुनाव हो रहे हैं। पहले दो चरण 10 और 17 अप्रैल को संपन्न हो चुके हैं। तीसरे और अंतिम चरण में गुरुवार को 11 सीटों के लिए मुंबई और ठाणे में चुनाव होंगे।