विराट चाचू ने जीवा संग की ऐसी मस्ती, अब वीडियो दुनिया भर में हो रहा वायरल
टीम इंडिया ने शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन टी-20 मैचों की सीरीज का पहला मैच खेला था।
नई दिल्ली, जेएनएन। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी की बेटी टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों को खूब भाती है। अब उनका मौजूदा कप्तान विराट कोहली के साथ एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दोनों खूब मस्ती करते दिख रहे हैं।
कोहली ने अपने ट्विटर अकाउंट पर इसका वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में विराट जीवा के साथ खेल रहे हैं। शाम का समय है और जीवा के साथ विराट कोहली चाय पीते हुए मस्ती में गपशप कर रहे हैं। इस दौरान वह जीवा से कुछ सवाल कर रहे हैं।
जीवा बड़े मजेदार अंदाज में विराट कोहली के सवालों का जवाब दे रही है। विराट ने इस वीडियो को शेयर करते हुए इसे कैप्शन दिया है। 'जीवा के साथ एक बार फिर मिल रहा हूं। इतने भोलेपन के साथ रहने की बात ही कुछ और है।
इस वीडियो को टीम के किसी साथी खिलाड़ी ने शूट किया है, जिसमें उसकी आवाज तो सुनाई दे रही है, लेकिन यह कौन है यह साफ नहीं है। इस वीडियो को शूट करने के दौरान विराट का साथी खिलाड़ी जीवा से सवाल करता है कि तुम्हारे पास कुल कितने डॉग हैं? और फिर जवाब भी देता है कि सिक्स (6)। इस पर विराट हंसते हैं और बोलते हैं, 'यार सिक्स कहां है उसके पास, तू पागल बना रहा है उसको।
My reunion with Ziva. What a blessing it is to be around pure innocence 🙏❤ pic.twitter.com/7IpvTyynoA— Virat Kohli (@imVkohli) October 8, 2017
इस बीच विराट बिल्ली की 'म्याऊं' आवाज निकालते हैं और फिर जीवा से पूछ रहे हैं कौन किया? विराट के साथ जीवा भी दोहराती हैं कौन किया? इस पर विराट जोर-जोर से हंसने लगते हैं और कहते हैं आपने किया। इसके बाद जीवा जवाब देती हैं बिल्ली ने किया। इसके बाद दोनों म्याऊं-म्याऊं बोलकर खेल रहे हैं। विराट के इस मस्ती भरे वीडियो को अब तक हजारों लोग लाइक कर चुके हैं और कई लोगों ने इसे रीट्वीट भी किया है।
आपको बता दें कि शनिवार को टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन टी-20 मैचों की सीरीज का पहला मैच खेला था। रांची में खेले गए इस मैच में टीम इंडिया ने 9 विकेट से ऑस्ट्रेलिया को मात दी। रांची दौरे के दौरान ही विराट कोहली जीवा के साथ दिखे। रांची महेंद्र सिंह धौनी का होम टाउन है और धौनी अपने परिवार के साथ आज भी यहीं रहते हैं।