माल्या के साथ हुआ ऐसा, शायद टीम इंडिया का मैच देखने से कर लें तौबा
भारत माता की जय, इंडिया जीतेगा के नारे लगा रहे थे। तभी माल्या यहां पहुंच गए।
लंदन, अभिषेक त्रिपाठी। भारत से भागे पूर्व बिजनेसमैन विजय माल्या को खुद को सबसे बड़ा क्रिकेट प्रेमी साबित करने के लिए चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के सभी मैच देखने के लिए स्टेडियम आ रहे हैं। वह रविवार को भी भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच देखने के लिए लंदन के ओवल स्टेडियम में पहुंचे थे।
जैसे ही माल्या स्टेडियम के गेट पर पहुंचे तो भारतीय प्रशंसकों ने हूटिंग शुरू कर दी। लोग चोर-चोर चिल्ला रहे थे। माल्या के वहां से उलटे पांव लौटते ही भारतीय प्रशंसक 'चोर गया-चोर गया' कहकर भी चिल्लाने लगे।
भारत के मैच को लेकर स्टेडियम में सुबह से ही भीड़ जमा थी। ओवल के आसपास का इलाका पूरी तरह भारतीयता के रंग में रंगा था। भारत-श्रीलंका मैच के दौरान भी ऐसा ही माहौल था। लोग भारत माता की जय, इंडिया जीतेगा के नारे लगा रहे थे। तभी माल्या यहां पहुंच गए।
वहां मौजूद लोगों में से कुछ ने माल्या को अपशब्द भी कहे। इसमें लंदन में रहने वाले भारतीयों के अलावा भारत से आए प्रशंसक भी शामिल थे। लोगों ने माल्या का एक वीडियो भी बनाया। माल्या आइपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के भी मालिक रहे हैं। माल्या पर भारतीय बैंकों 9000 हजार करोड़ का कर्ज बकाया है।
इससे पहले माल्या इस टूर्नामेंट में भारत का पाकिस्तान के साथ मैच देखने भी पहुंचे थे और उनकी सुनील गावस्कर के साथ एक फोटो भी सोशल मीडिया में वायरल हुई थी। इस पर माल्या ने भारतीय मीडिया से कहा था कि उनपर खबरें बनाने की बजाए कुछ और काम करो। उन्होंने कहा था कि वह भारत का हर मैच देखने स्टेडियम पहुंचेंगे।