टॉम लाथम ने ठोका दोहरा शतक, कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ियो को छोड़ा पीछे
लाथम ने 11 घंटे से अधिक की अपनी पारी के दौरान 489 गेंद में 21 चौके और एक छक्का मारा।
वेलिंगटन, जेएनएन। न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज टॉम लाथम ने नाबाद 264 रन की पारी खेली जिसके बाद श्रीलंका का शीर्ष क्रम एक बार फिर लड़खड़ा गया जिससे मेहमान टीम पर यहां पहले क्रिकेट टेस्ट में बड़ी हार का खतरा मंडरा रहा है। लाथम ने अपनी इस पारी से विराट कोहली, जो रुट, केन विलियमसन सरीखे बल्लेबाज़ों को पीछे छोड़ दिया।
लाथम ने बनाया 2018 का सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर
लाथम की पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने बेसिन रिजर्व में पहली पारी में 578 रन बनाकर 296 रन की बढ़त हासिल की। दिन के हीरो हालांकि लाथम रहे जिन्होंने 121 रन से आगे खेलते हुए अपने करियर का पहला दोहरा शतक पूरा किया। लाथम ने 264 रन का पारी खेलने के लिए 11 घंटे से अधिक की बल्लेबाज़ी की।इस दौरान उन्होंने 489 गेंद में 21 चौके और एक छक्का मारा। उन्होंने न्यूजीलैंड की ओर से छठा सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर बनाया। मौजूदा वर्ष में यह किसी भी बल्लेबाज का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इससे पहले साल 2018 का सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर बांग्लादेशी बल्लेबाज़ मुशफिकुर रहीम ने बनाया था। रहीम ने ज़िम्बाब्वे के खिलाफ 219 रन बनाए थे।
Congratulations, Tom Latham! 👏
He's brought up his maiden Test double century off 412 balls, and has helped New Zealand to a very strong position in the first #NZvSL Test.
What a knock! #NZvSL LIVE ➡️ https://t.co/4kJuoUdyQM pic.twitter.com/T2M5xnHeVA
— ICC (@ICC) December 17, 2018
न्यूजीलैंड ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 311 रन से की। रॉस टेलर (50) अपने कल के स्कोर में इजाफा करने में नाकाम रहे और पहले ओवर में ही पवेलियन लौट गए। लाहिरू कुमारा ने उन्हें दिमुथ करूणारत्ने के हाथों कैच कराया।
हेनरी निकोल्स भी 50 रन बनाने के बाद दूसरे सत्र में स्पिनर दिलरुवान परेरा का शिकार बने। लाहिरू कुमारा ने इसके बाद बीजे वाटलिंग को पवेलियन भेजा जो खाता भी नहीं खोल पाए।
कोलिन डि ग्रैंडहोम ने तीन छक्कों और तीन चौकों की मदद से 49 रन की पारी खेली। वह धनंजय डिसिल्वा की गेंद पर छक्का जड़ने की कोशिश में कासुन रजिता को कैच दे बैठे। लाहिरू कुमारा श्रीलंका के सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 127 रन देकर चार विकेट हासिल किए।
न्यूज़ीलैंड को मिली 296 रन की बढ़त
पहली पारी के आधार पर कीवी टीम को 296 रन की बढ़त मिली। दूसरी पारी में श्रीलंका की शुरुआत खराब रही।तेज गेंदबाजों टिम साउथी (सात रन पर दो विकेट) और ट्रेंट बोल्ट (12 रन पर एक विकेट) ने इसके बाद तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका का स्कोर तीन विकेट पर 20 रन कर दिया।
बोल्ट ने दनुष्का गुणातिलक (03) को पवेलियन भेजा बकि साउथी ने दिमुथ करूणारत्ने (10) और धनंजय डिसिल्वा (00) की पारी का अंत किया।
दिन का खेल खत्म होने पर कुशाल मेंडिस पांच जबकि एंजेलो मैथ्यूज दो रन बनाकर खेल रहे थे। श्रीलंका की टीम अब भी 276 रन से पीछे है जबकि उसके सिर्फ सात विकेट शेष हैं।