BCCI अध्यक्ष बनते ही सौरव गांगुली ने तोड़ा 65 साल पुराना रिकॉर्ड
BCCI president Sourav Ganguly पूर्व कप्तान सौरव गांगुली बीसीसीआई के 39वें अध्यक्ष हैं। 47 साल के गांगुली ने बुधवार को इस अहम पद की जिम्मेदारी ली।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय क्रिकेट टीम के सफलतम कप्तानों में शुमार सौरव गांगुली ने बुधवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष का पद संभाला। टीम इंडिया की कमान संभालते हुए उसे उंचाई पर पहुंचाने वाले पूर्व कप्तान ने साफ कर दिया कि वह उसी तेवर के साथ BCCI में बॉस की भूमिका निभाएंगे जैसे कभी कप्तानी करते थे। गांगुली ने अध्यक्ष बनते ही एक रिकॉर्ड कायम किया।
पूर्व कप्तान सौरव गांगुली बीसीसीआई के 39वें अध्यक्ष हैं। 47 साल के गांगुली ने बुधवार को इस अहम पद की जिम्मेदारी ली। गांगुली 65 साल के बाद इस पद पर बैठने वाले पहले क्रिकेटर हैं। इससे पहले बीसीसीआई अध्यक्ष के पद पर बैठने वाले ज्यादातर लोग राजनीति ये फिर व्यापार से संबंध रखते थे।
सौरव गांगुली ने तोड़ा 65 साल का रिकॉर्ड
साल 1954 में आखिरी बार किसी भारतीय क्रिकेटर ने बीसीसीआई के अध्यक्ष पद का जिम्मा संभाला था। टीम इंडिया के टेस्ट क्रिकेटर महाराजा कुमार विजयनगरम जिनको 'विज्जी' के नाम से जाना जाता था ने गांगुली से पहले अध्यक्ष का पद संभाला था। साल 1954 से 1956 तक वह भारतीय क्रिकेट के मुखिया की भूमिका को निभाया था। अब 65 साल बाद किसी भारतीय क्रिकेटर को यह पद सौंपा गया है।
गावस्कर भी संभाल चुके हैं अध्यक्ष पद
पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने 2014 में बीसीसीआई के अध्यक्ष का पद संभाला थे लेकिन उनके पूर्ण रूप से बल्कि अंतरिम अध्यक्ष बनाया गया था।
सिर्फ 9 महीने तक गांगुली बने रहेंगे अध्यक्ष
गांगुली बीसीसीआई अध्यक्ष पद पर सिर्फ अगले 9 महीने तक ही काम करेंगे। इसके बाद उनको अपना यह पद छोड़ना पड़ेगा। अक्टूबर 2019 से जुलाई 2020 तक गांगुली के पास अध्यह का पद रहेगा इसके बाद उनको बीसीसीआई के नए संविधान के मुताबिक छह साल के लिए कूलिंग ऑफ पीरियड में जाना होगा।
सौरव गांगुली का क्रिकेट करियर
साल 1999 से लेकर 2005 तक गांगुली ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान की। इस दौरान 49 टेस्ट में 21 में जीत हासिल की जबकि 146 वनडे खेलते हुए टीम को 76 में जीत दिलाई।