बॉल टैंपरिंग: कोच लेहमन के लिए वरदान बने छह शब्द, नहीं तो उन पर भी लग जाता बड़ा दाग
केपटाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर लगी बड़ी स्क्रीन पर बेनक्राफ्ट गेंद के साथ छेड़छाड़ करते दिखाई दे रहे थे तो लेहमन ठीक उतने ही अचंभित थे जितने कि बाकी दर्शक।
नई दिल्ली, [जागरण स्पेशल]। गेंद से छेड़छाड़ मामले में ऑस्ट्रेलियाई कोच डेरेन लेहमन बच गए। हालांकि वीडियो के जरिये पूरी दुनिया ने उन्हें 12वें खिलाड़ी पीटर हैंड्सकांब को संदेश देते हुए देखा था, लेकिन उनके द्वारा उस संदेश में कहे गए छह शब्दों ने ही उन्हें बचा लिया। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने कहा कि लेहमन को बॉल टेंपरिंग के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। हालांकि यह आरोप लगाए जा रहे थे कि लेहमन ने इस मामले पर पर्दा डालने की कोशिश की थी। टीवी फुटेज में दिखाया गया था कि लेहमन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट के दौरान बेनक्राफ्ट को गेंद पर अपनी जेब से सेंडपेपर निकालकर घिसते हुए देखने के बाद उन्हें 12वें खिलाड़ी से संदेश भेजा था, लेकिन सीए के प्रमुख जेम्स सदरलैंड ने उनका बचाव किया।
लेहमन को छह शब्दों की वजह से मिली क्लीन चिट
सदरलैंड का दावा है कि केपटाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर लगी बड़ी स्क्रीन पर बेनक्राफ्ट गेंद के साथ छेड़छाड़ करते दिखाई दे रहे थे तो लेहमन ठीक उतने ही अचंभित थे जितने कि बाकी दर्शक। सदरलैंड ने साफ किया कि जब लेहमन ने 12वें खिलाड़ी पीटर हैंड्सकांब को मैदान पर बेनक्राफ्ट के पास संदेश देने के लिए भेजा तो वॉकी-टॉकी पर उन्होंने जो कहा उसी से इस मसले पर उनकी बेगुनाही का सबूत मिला। सदरलैंड ने कहा, ‘डेरेन के बचाव में मैं साफ करना चाहता हूं कि उन्होंने संदेश भेजा था कि यह क्या बकवास चल रहा है। हालांकि, उन्होंने बकवास शब्द का इस्तेमाल नहीं किया था बल्कि कुछ और शब्द का इस्तेमाल किया था। डेरेन इस मामले में शामिल नहीं थे और उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी।’
गलती हुई, माफ कर दो
लेहमन ने बुधवार को स्वीकार किया कि स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर से ‘बड़ी गलती’ हुई है, लेकिन उन्होंने सभी से आग्रह किया कि उन्हें उनके खिलाफ ज्यादा मानवीय व्यवहार करना चाहिए, क्योंकि वे ‘बुरे इन्सान’ नहीं हैं। लेहमन ने कहा, ‘जो इस अपराध में शामिल थे उन्हें बेहद गंभीर सजा मिली है और वे जानते हैं कि उन्हें इसका नतीजा भुगतना होगा। उन्होंने एक बड़ी गलती की है। कोच के रूप में मैं उनके लिए दुख महसूस करता हूं। उन्हें दुख है और मैं उनके और उनके परिवार के प्रति संवेदना महसूस करता हूं। यहीं उम्मीद मैं सभी से करता हूं। मीडिया और प्रशसंकों को यह नहीं भूलना चाहिए।’
सभी से होती हैं गलतियां
लेहमन ने कहा कि सभी को यह याद रखना चाहिए कि हममें से हर एक ने अपने जीवन में गलतियां की हैं। उन्होंने कहा, ‘यह मानवीय पक्ष है। उनसे गलती हुई है। हर किसी ने, यहां तक कि मैंने भी पहले गलतियां की हैं। वे युवा हैं और मैं उम्मीद करता हूं कि लोग उन्हें दूसरा मौका देंगे। उनका स्वास्थ्य और अच्छी शुरुआत हमारे लिए अहम है। हाल के समय में टीम को काफी नकारात्मक माना गया है और जिस तरह से हम खेल रहे हैं हमें कुछ बदलाव की जरूरत है।’ लेहमन ने साफ किया कि गेंद से छेड़छाड़ के विवाद में वह अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगे, लेकिन खेल के तरीके में बदलाव लाएंगे।