11 साल पहले आज के दिन 226 मिनट में सचिन तेंदुलकर ने रचा था इतिहास, तब शास्त्री कर रहे थे कमेंट्री
Sachin tendulkar record double century ग्वालियर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सचिन ने 226 मिनट में कुछ ऐसा चमत्कार किया जो इतिहास बन गया। वनडे में दोहरा शतक लगाने का कमाल सचिन ने 11 साल पहले आज के ही दिन किया था।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारत में फैंस की नजरों में भगवान का दर्जा हासिल कर चुके मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने यूं तो कई ऐतिहासिक पारियां खेली है। लेकिन 24 फरवरी 2010 को खेली गई पारी ऐसी थी जिसने पुरुष क्रिकेट में एक नया पन्ना जोड़ा। ग्वालियर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सचिन ने 226 मिनट में कुछ ऐसा चमत्कार किया जो इतिहास बन गया। वनडे में दोहरा शतक लगाने का कमाल सचिन ने 11 साल पहले आज के ही दिन किया था।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए वीरेंद्र सहवाग के साथ पारी की शुरुआत करते हुए सचिन ने दोहरा शतक बनाया था। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी लेकिन मास्टर ब्लास्टर की बेमिसाल पारी की बदौलत टीम ने 401 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। सचिन दुनिया के पहले पुरुष बल्लेबाज बने थे जिन्होंने वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक बनाने का चमत्कार किया था। इस मैच में भारत ने 153 रन के बड़े अंतर से जीत हासिल की थी।
सचिन की चमत्कारी पारी
साउथ अफ्रीका के खिलाफ 147 गेंद पर 25 चौके और 3 छक्के की मदद से सचिन ने 200 रन की नाबाद पारी खेली थी। पारी की शुरुआत करने उतरे सचिन ने आखिरी गेंद पर पिच पर टिककर यह अदभुत पारी खेली थी। सचिन ने बल्लेबाज के दौरान कुल 226 मिनट का वक्त बिताया था।
रवि शास्त्री कर रहे थे कमेंट्री
सचिन तेंदुलकर की बल्लेबाजी के दौरान वर्तमान भारतीय मुख्य कोच रवि शास्त्री कमेंट्री कर रहे थे। दोहरा शतक पूरा होने के बाद उन्होंने कमेंट्री करते हुए कहा था, और ये पूरा हुआ दोहरा शतक, इस ग्रह पर ऐसा करने वाले पहले इंसान हैं सचिन। यह भारत के सुपर मैन हैं। सचिन ने 147 गेंद पर 200 रन बनाए हैं। सचिन इस मास्टर को आगे सिर झुकाइए।