IPL के पहले सीजन के ऐसे रिकॉर्ड जो आज तक हैं 'अमर', 18 सालों में कोई खिलाड़ी नहीं तोड़ सका
क्रिकेट में रिकॉर्ड बनते और टूटते रहते हैं लेकिन आईपीएल के पहले सीजन में कुछ ऐसे रिकॉर्ड बने, जो आज ...और पढ़ें

IPL के पहले सीजन के ऐसे रिकॉर्ड जो आज तक हैं 'अमर' (फोटो: AI)
HighLights
आईपीएल के पहले सीजन में बने अटूट रिकॉर्ड
18 सीजन के बाद भी नहीं टूटे रिकॉर्ड
सचिन तेंदुलकर का एक रिकॉर्ड भी अमर
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2026 की तैयारियां जोरो-शोरों पर हैं। फैंस भी आगामी सीजन के लिए काफी उत्सुक दिखाई दे रहे हैं। आज आईपीएल दुनिया की सबसे अमीर और बड़ी क्रिकेट लीग बन चुका है। इसके सफर की शुरूआत 2008 में हुई थी और उस सीजन कुछ ऐसे रिकॉर्ड बने, जो आज तक अमर हैं। भले ही टी20 क्रिकेट खेलने का अंदाज बदल गया हो लेकिन आज तक कुछ ऐसे रिकॉर्ड हैं, जो कोई भी नहीं तोड़ सका है। आइए आईपीएल इतिहास के कुछ ऐसे ही रिकॉर्ड पर नजर डालते हैं।
IPL के पहले सीजन के रिकॉर्ड जो आज तक नहीं टूटे-
1. ब्रैंडन मैकुलम की पारी
आईपीएल के इतिहास का पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया था। इस मुकाबले में कोलकाता के लिए खेलते हुए ब्रैंडन मैकुलम ने कमाल की बल्लेबाजी की थी। उन्होंने 73 गेंदों पर 10 चौकों और 13 छक्कों की मदद से नाबाद 158 रनों की पारी खेली थी। मैकुलम की ये पारी आईपीएल डेब्यू पर सबसे बड़ी पारी है, जो आज तक कोई भी बल्लेबाज नहीं तोड़ सका है।
2. एक मैच में सबसे अधिक एकस्ट्रा
आईपीएल के पहले सीजन में ही एक मैच में सबसे अधिक एकस्ट्रा रन देने का रिकॉर्ड बना था। ये रिकॉर्ड डेकन चार्जर्स की टीम ने कोलकाता के खिलाफ दर्ज किया था। मुकाबले में चार्जर्स के गेंदबाजों ने 28 अतिरिक्त रन दिए। इसमें 4 बाइस, 8 लेग बाय,15 वाइड और एक नो-बॉल शामिल थी। उनके नाम आईपीएल में आज तक ये शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज है और कोई टीम इसे पार नहीं कर सकी है।
3. सचिन तेंदुलकर के कैचों का रिकॉर्ड
भारत के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने आईपीएल के पहले सीजन में एक खास रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में फील्डिंग करते हुए 4 कैच लपके थे। सचिन का ये रिकॉर्ड आज तक नहीं टूटा है। वे एक पारी में भारतीय खिलाड़ी के तौर पर सबसे अधिक कैच लपकने वाले खिलाड़ी हैं। आज तक कोई भी भारतीय खिलाड़ी एक मैच में 5 कैच नहीं लपक सका है। हालांकि, अभिषेक शर्मा, रियान पराग, रिंकू सिंह और रवींद्र जडेजा ने 4-4 कैच पकड़कर उनके रिकॉर्ड की बराबरी की है लेकिन तोड़ नहीं सके हैं।
4. एक मैच में सबसे कम रन
आईपीएल के पहले सीजन में वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला गया था। इस मैच में कोलकाता की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 67 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। इसके बाद मुंबई ने 68 रन बनाकर मुकाबले को 8 विकेट से अपने नाम कर लिया था। इस मैच में कुल 135 रन बने थे, जो आज तक एक मैच में सबसे कम स्कोर है। इस रिकॉर्ड की बराबरी 2017 में हुई, जब किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) और दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के बीच खेला गया। इस मैच में भी 135 रन बना लेकिन इससे कम का स्कोर नहीं बना।
5. सबसे अधिक विकेट का रिकॉर्ड
आईपीएल के इतिहास में एक पारी में सबसे अधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड आईपीएल के पहले सीजन में बना था। आईपीएल 2008 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए सोहैल तनवीर ने 14 रन देकर 6 विकेट हासिल किए थे। उनका ये रिकॉर्ड आज तक नहीं टूटा है। अल्जारी जोसेफ ने मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 2019 में 6 विकेट हासिल किए थे और तनवीर की बराबरी की थी लेकिन उनका रिकॉर्ड आज तक कोई तोड़ नहीं सका है।
