U 19 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पृथ्वी शॉ की पारी ने जीत लिया दिल
पृथ्वी शॉ ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली आकर्षक पारी।
संजय सावर्ण, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट में पिछले कुछ दिनों से पृथ्वी शॉ का नाम काफी चर्चा में रहा है। पृथ्वी कितने सक्षम बल्लेबाज हैं इस बात का सबूत एक बार फिर से उन्होंने अंडर19 विश्व कप 2018 के एक मुकाबले में दे दिया। इस टूर्नामेंट में भारत का पहला मुकाबला मजबूत ऑस्ट्रेलिया अंडर19 टीम के साथ था। पृथ्वी ने अपने कप्तान होने का दायित्व बेहद शानदार तरीके से निभाया और बेहतरीन बल्लेबाजी की हालांकि वो सिर्फ 6 रन से शतक से चूक गए लेकिन उनकी इस पारी ने टीम को कमाल की शुरुआत दी और इंडिया अंडर19 टीम ने 328 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
क्या खूब रही पृथ्वी की पारी
पहली बार इंडिया अंडर-19 टीम की अंडर19 विश्व कप में कप्तानी कर रहे पृथ्वी शॉ ने इस बात का सबूत दे दिया कि आखिरकार क्यों उन्हें इस टीम की कमान सौंपी गई है। पृथ्वी ने फ्रंट से आकर टीम को लीड किया और अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर टीम का स्कोर 328 रन तक पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ न्यूजीलैंड की सरजमीं पर इस तरह की पारी साफ दिखाती है कि वो कितने सक्षम बल्लेबाज हैं और भविष्य में उनके काफी उम्मीदें हैं।
100 गेंदों पर बनाए 94 रन
ऑस्ट्रेलिया अंडर19 टीम के खिलाफ अपने पहले ही मैच में पृथ्वी ने अपने इरादे जाहिर कर दिया। उन्होंने अपनी पारी के दौरान कुल 100 गेंदों का सामना किया और 94 रन बनाए। हालांकि वो सिर्फ 6 रन से शतक से चूक गए लेकिन उनकी पारी ने भारत को मजबूत आधार दिया और टीम ने एक बड़ा स्कोर खड़ा किया। अपनी पारी के दौरान उन्होंने 8 चौके और 2 छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 94.00 का रहा। इंडिया अंडर 19 ने इस मैच में ऑस्ट्रेलिया को 100 रन से हराया।
पहले विकेट के लिए 180 रन की साझेदारी
पृथ्वी ने इंडिया अंडर19 के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ओपनिंग बल्लेबाजी की। भारत के दूसरे ओपनर बल्लेबाज मनजोत कालरा थे। पहले विकेट के लिए पृथ्वी ने मनजोत के साथ मिलकर 180 रन की मजबूत साझेदारी की। मनजोत ने भी अच्छी बल्लेबाजी की और 99 गेंदों पर 86 रन की दमदार पारी खेली। भारत के लिए महज 9 फर्स्ट क्लास मैचों में 5 शतक के साथ 56.52 की औसत के साथ 961 रन बनाने वाले पृथ्वी से आगे के मैचों में भी काफी उम्मीदें हैं।
अंडर 19 विश्व कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तान ये हैं
- उन्मुक्त चंद (2012)- 111 रन- विरुद्ध (ऑस्ट्रेलिया)
-विराट कोहली (2008)-100 रन- विरुद्ध (वेस्टइंडीज)
-अमित पगनिस (1998)- 99 रन- विरुद्ध- (इंग्लैंड)
- पृथ्वी शॉ (2018)- 94 रन- विरुद्ध (ऑस्ट्रेलिया)