66 गेंद पर शतक जड़ सचिन तेंदुलकर ने बनाया था IPL में रिकॉर्ड, इतिहास के पन्नों में हुए दर्ज
इसी दिन उन्होंने अपने आइपीएल करियर का एकमात्र टी-20 शतक लगाया था। उन्होंने यह शतक विश्व कप के खत्म होने के दो सप्ताह बाद ही लगाया था।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। दिग्गज भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के लिए 15 अप्रैल 2011 का दिन उनके करियर का सबसे खास है। इसी दिन उन्होंने अपने आइपीएल करियर का एकमात्र टी-20 शतक लगाया था। उन्होंने यह शतक विश्व कप के खत्म होने के दो सप्ताह बाद ही लगाया था। आईपीएल में शतक लगाने वाले सचिन पहले कप्तान बने थे।
मुंबई की कप्तानी करते हुए उन्होंने यह कमाल कर दिखाया था। कोच्चि टस्कर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुंबई इंडियंस के कप्तान सचिन ने 66 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 12 चौके और तीन छक्के जड़े। उनका अच्छा साथ अंबाती रायडू (53) ने निभाया और टीम का स्कोर 182 रन हुआ। सचिन और रायडू ने दूसरे विकेट के लिए 116 रनों की साझेदारी की।
जवाब में कोच्चि की टीम ने ओपनर ब्रेंडन मैकुलम और कप्तान महेला जयवर्धने की बेहतरीन पारी के दम पर जीत हासिल की थी। मैन ऑफ द मैच मैकुलम ने 60 गेंद पर 81 रन बनाए थे जबकि कप्तान जयवर्धने ने 36 गेंद पर 56 रन की बेमिसाल पारी खेली थी। टीम ने दो विकेट खोकर ही 184 रन बनाए जिससे मैच कोच्चि के झोली में चला गया। मैकुलम और महेला जयवर्धने पहले विकेट के लिए 128 रनों की साझेदारी करके टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई थी।
मैकुलम ने 81 रन बनाए जबकि जयवर्धने ने 56 रनों की पारी खेली। दोनों की मदद से टीम ने छह गेंद शेष रहते लक्ष्य को हासिल कर लिया। रवींद्र जडेजा (26) और ब्रैड हॉग (11) नाबाद रहे।
सचिन ने आइपीएल में शतक लगाने वाले पहले कप्तान भी बन गए थे। सचिन आइपीएल में मुंबई इंडियंस की तरफ से 78 मैच खेले, जिसमें उन्होंने एक शतक और 13 अर्धशतक की मदद से 2334 रन बनाए। उन्होंने 2008 से 2013 तक आइपीएल में हिस्सा लिया और 2010 में सबसे ज्यादा 618 रन बनाए थे और ऑरेंज कैप पर कब्जा किया था।