टीम में आने की खबर के तुरंत बाद बुजुर्ग से हाथापाई करता दिखा यह क्रिकेटर
अंबाती रायडू एक बार फिर से गलत वजहों से चर्चा में हैं।
हैदराबाद, जेएनएन। हाल ही में दिलीप ट्रॉफी खेलने के लिए इंडिया रेड की टीम में चुने गए भारतीय बल्लेबाज अंबाती रायडू एक बार फिर से गलत वजहों से चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर रायडू का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह एक अधेड़ इंसान के साथ हाथापाई करते नजर आ रहे हैं।
इस वीडियो में अंबाती रायडू अपनी कार से उतरकर एक अधेड़ इंसान के साथ धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो न्यूज एजेंसी एएनआई ने भी जारी किया है। अंबाती को इंडिया रेड में अभिनव मुकुंद की कप्तानी में खेलना है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि यह लड़ाई ड्राइविंग की वजह से हो रही है। पहले अंबाती की कार से एक लड़का उतरता है और वह किसी को कुछ समझाने की कोशिश करता है। बात नहीं बनती देख अंबाती काले रंग की कार की ड्राइविंग सीट से नीचे उतरते हैं और एक अधेड़ शख्स के साथ हाथापाई करने लगते हैं।
हालांकि, एएनआई ने फिलहाल वीडियो के स्रोत की प्रमाणिकता का दावा नहीं किया है। वीडियो में अंबाती की काली रंग की गाड़ी दिख रही है। वीडियो देखकर ऐसा लग रहा है कि शायद बुजुर्ग ने उनकी ड्राइविंग का विरोध किया था। इसी से नाराज होकर अंबाती हाथापाई और धक्का-मुक्की पर उतर आते हैं। वीडियो कितना पुराना है, यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है।
हालांकि, अंबाती के साथ मौजूद एक लड़का और वहां खड़े लोग भी झगड़े को रोकने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। आप खुद ही देखिए, इस घटना का वीडियो-
#WATCH: Cricketer Ambati Rayudu seen in scuffle with a man allegedly after argument over rash driving in Hyderabad (Unverified video source) pic.twitter.com/r1pdq5Lh9g
— ANI (@ANI) August 31, 2017
आपको बता दें कि अंबाती रायडू ने भारत के लिए 34 वनडे मैच खेले हैं और उनमें 1055 रन बनाए हैं। उन्होंने अपना आखिरी वनडे मैच जिंबाब्वे के खिलाफ खेला था। इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) में वह मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते हैं।
इससे पहले भी अंबाती का नाम विवादों के साथ जुड़ता रहा है। पूर्व में वह साथी क्रिकेटर अर्जुन यादव के साथ भी उलझ चुके हैं। 2005 में रायडू और अर्जुन के बीच क्रिकेट के मैदान पर ही लड़ाई हो गई थी। दोनों के बीच वह लड़ाई आंध्र प्रदेश में एक रणजी मैच के दौरान पिच पर ही हुई थी।