इस भारतीय बल्लेबाज़ ने ठोक दिया दोहरा शतक, पिछले 8 मैच में जड़ा चौथा शतक
भारतीय बल्लेबाज़ मैदान पर उतरे तो मयंक अग्रवाल और पृथ्वी शॉ दोनो ने शतक जमा दिया। इन दोनों बल्लेबाज़ों के बीच 233 रन की साझेदारी हुई।
नई दिल्ली, [जागरण स्पेशल]। इंडिया ए और द. अफ्रीका ए के बीच खेले जा रहे पहले अनौपचारिक टेस्ट मैच में ओपनिंग बल्लेबाज़ मयंक अग्रवाल ने दोहरा शतक ठोक दिया। इस चार दिवसीय टेस्ट मैच के दूसरे दिन पृथ्वी शॉ ने इंडिया ए के लिए शतक जमाया तो मयंक अग्रवाल ने दोहरा शतक ठोक दिया। इन दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर इंडिया ए को दमदार शुरुआत दिलाई।
मयंक ने ठोका दोहरा शतक
द. अफ्रीका ए ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया। मोहम्मद सिराज ने दमदार गेंदबाज़ी करते हुए द.अफ्रीका ए के पांच वेिकेट चटकाए और प्रोटियाज़ की पहली पारी 246 रन पर सिमट गई। इसके बाद जब भारतीय बल्लेबाज़ मैदान पर उतरे तो मयंक अग्रवाल और पृथ्वी शॉ दोनों ने शतक जमा दिया। इन दोनों बल्लेबाज़ों के बीच 233 रन की साझेदारी हुई। पृथ्वी शॉ 136 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, लेकिन मयंक अग्रवाल ने अपनी पारी को आगे बढ़ाते हुए दोहरा शतक ठोक दिया। दोहरा शतक जमाने के लिए मयंक ने 28 चौके और चार छक्के भी लगाए। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक मयंक 250 गेंदों में 220 रन बनाकर खेल रहे हैं। 220 रन बनाने के लिए मयंक ने 31 चौके और 4 छक्के भी लगाए। इससे पहले पृथ्वी शॉ 196 गेंदो में 136 रन बनाकर डेन पीट की गेंद पर बोल्ड हो गए। पृथ्वी शॉ ने 20 चौके और एक छक्का भी लगाया।
इंग्लैंड दौरे पर भी किया था दमदार प्रदर्शन
इंडिया ए की टीम हाल ही में इंग्लैंड का दौरा कर लौटी है। इंग्लैंड में भी मयंक अग्रवाल ने अपनी शानदार बल्लेबाज़ी का जौहर दिखाया था। मयंक का ये पिछले 8 मैचों में चौथा शतक है। उन्होंने इंग्लैंड में तीन शतक जड़े थे। लिसेस्टरसर के खिलाफ मयंक ने सबसे पहले नाबाद 151 रन की पारी खेली थी। इसके बाद उन्होंने वेस्टइंडीज़ ए के खिलाफ 112 रन की पारी खेली और फिर अगले ही मैच में उन्होंने इंग्लैंड ए के खिलाफ शानदार शतक ठोकते हुए 112 रन बनाए थे। भारत वापस लौटकर भी मयंक ने अपनी दमदार फॉर्म को जारी रखते हुए अब द. अफ्रीका ए के खिलाफ दोहरा शतक ठोक दिया है।
ऐसा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज़ है मयंक
मयंक अग्रवाल के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज़ है जो न तो सचिन तेंदुलकर बना सके और न ही मौजूदा भारतीय कप्तान विराट कोहली इस उपलब्धि तक पहुंच सके हैं। मयंक अग्रवाल भारत के घरेलू क्रिकेट में एक सीज़न में 2000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज़ हैं। मयंक ने विजय हजारे ट्राफी के 8 मैचों में 3 शतक और चार अर्धशतक ठोके थे। विजय हजारे ट्रॉफी के 8 मैचों में उन्होंने 109, 84, 28,102, 89, 104, 81 और 90 रन बनाए थे।
कोहली से भी आगे है मयंक
मयंक अग्रवाल के लिए विजय हजारे टूर्नामेंट काफी अच्छा रहा था और उन्होंने इस बार एक रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 723 रन बनाए थे। उनसे पहले इस टूर्नामेंट में कोई भी बल्लेबाज़ इतने रन नहीं बना सका था। साल 2016-17 में दिनेश कार्तिक ने 607 तो वहीं साल 2008-09 में विराट कोहली ने इस टूर्नामेंट में 534 रन बनाने में कामयाबी हासिल की थी।