IPL में 99 रन पर आउट होने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में सिर्फ भारतीय, कोहली भी हो चुके हैं शिकार
टूर्नामेंट के 13 एडिशन में से अब तक महज तीन बार ऐसा मौका आया है जब कोई बल्लेबाज महज एक रन से शतक बनाने से चूक गया हो। सोमवार को बैंगलोर के खिलाफ मुंबई के बल्लेबाज इशान किशन 99 रन पर आउट होकर वापस लौटे।
नई दिल्ली, जेएनएन। मुंबई इंडियंस के इशान किशन ने अकेले दम पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ मैच को पलट दिया। इस युवा बल्लेबाज ने 58 गेंद पर 99 रन की बेमिसाल पारी खेली लेकिन शतक पूरा करने से चूक गए। इशान ने 9 छक्के और 2 चौकों की मदद से यह 99 रन बनाए और टीम को सुपर ओवर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इंडियन प्रीमियर लीग में इस स्कोर पर आउट होने वाले इशान तीसरे भारतीय बल्लेबाज बने।
टूर्नामेंट के 13 एडिशन में से अब तक महज तीन बार ऐसा मौका आया है जब कोई बल्लेबाज महज एक रन से शतक बनाने से चूक गया हो। सोमवार को बैंगलोर के खिलाफ मुंबई के बल्लेबाज इशान किशन 99 रन पर आउट होकर वापस लौटे। ऐसा करने वाले वह तीसरे भारतीय बल्लेबाज बने। इससे पहले भी दो बार जो बल्लेबाज शतक से 1 रन से चूके थे वो भारतीय ही थे। आज तक कोई भी विदेशी बल्लेबाज 99 के फेर में नहीं फंसा है।
99 के फेर में फंसे तीसरे भारतीय बने इशान
इशान से पहले साल 2013 में बैंगलोर के कप्तान विराट कहली भी शतक के करीब पहुंचकर चूक गए थे। दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के खिलाफ खेलते हुए 58 गेंद पर 99 रन बनाकर आउट हुए थे। पहले बल्लेबाजी करते हुए तीसरे नंबर पर उतरे कोहली ने 10 चौके और 4 छक्के की मदद से 99 रन बनाए थे और रन आउट होकर वापस लौटे थे।
वहीं पृथ्वी शॉ भी 99 के चक्कर में अपना विकेट गंवा चुके हैं। कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ 2019 में लक्ष्य का पीछा करते हुए पृथ्वी ने 55 गेंद पर 12 चौके और 2 छक्के की मदद से 99 रन बनाए थे। शतक से एक रन दूर वह विकेट के पीछे अपना कैच दे बैठे थे। कमाल की बात यह रही थी कि यह मैच भी टाई होकर सुपर ओवर में पहुंचा था।