क्या हुआ जब टकराए आइपीएल के इतिहास के दो सबसे महंगे खिलाड़ी?
आइपीएल के पहले मैच में दो सबसे महंगे खिलाड़ियों के बीच मजेदार जंग देखने को मिली।
नई दिल्ली, भारत सिंह। आइपीएल का उद्घाटन मैच पिछले साल की विजेता हैदराबाद और उपविजेता बैंगलोर के बीच होने के अलावा एक और मायने में खास था। इस मैच में आइपीएल के इतिहास के दो सबसे महंगे खिलाड़ियों के बीच टक्कर भी थी। यह खिलाड़ी थे भारत के युवराज सिंह और इंग्लैंड के टाइमल मिल्स।
युवराज सिंह आइपीएल के सभी सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। उन्हें 2015 में दिल्ली की टीम ने 26.7 लाख डॉलर (तब 16 करोड़ रुपए) में खरीदा था। आइपीएल में इतनी कीमत आज तक किसी खिलाड़ी को नहीं मिल सकी है। उनके मुकाबले में थे आइपीएल 2017 नीलामी के दूसरे सबसे महंंगे खिलाड़ी मिल्स, जिन्हें बैंगलोर ने इस बार 18.6 लाख डॉलर (12 करोड़ रुपए) में खरीदा है।
नीलामी के समय लगी बोली की बात करें तो मिल्स आइपीएल के इतिहास में 11 वें सबसे महंगे खिलाड़ी हैं, पर रुपए की बात करें तो वह युवराज और बेन स्टोक्स (2017 में 14 करोड़ रुपए में बिके) तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बैठेंगे।
इन दोनों खिलाड़ियों का आमना-सामना हुआ बैंगलोर की टीम के 16वें ओवर में। जानिए किसके हाथ लगी बाजी इस जंग में-
ओवर 16.2- मिल्स ने युवराज को गेंद की, कोई रन नहीं बना।
ओवर 16.3- मिल्स ने युवराज को गेंद की, ऑफ स्टंप की बाउंसर को युवराज ने पुल कर चौका जड़ दिया।
ओवर 16.4- मिल्स ने युवराज को स्लोअर गेंद की, युवराज ने 1 रन लिया।
इसके बाद 19वें ओवर में दोनों खिलाड़ी फिर से आमने-सामने आए। देखिए फिर क्या हुआ-
ओवर 18.2- मिल्स ने युवराज को गेंद की, फुललेंथ गेंद पर युवराज ने शानदार चौका जड़ा।
ओवर 18.3- मिल्स ने युवराज को गेंद की, स्लोअर गेंद पर युवराज ने छक्का मार दिया।
ओवर 18.4- मिल्स ने युवराज को गेंद की, स्पीड थी 143 किमी प्रति घंटा और युवराज इस गेंद पर बोल्ड हो गए।
दोनों खिलाड़ियों की जंग यहीं पर खत्म हुई। दोनों खिलाड़ियों के बीच कुल छह गेंदों की जंग हुई। इसमें युवराज ने दो चौके और एक छक्के की मदद से 15 रन बनाए और मिल्स ने एक गेंद डॉट फेंकी और एक पर युवराज को बोल्ड कर दिया।
देखा जाए तो इस जंग में मिल्स ने बाजी मारी। उन्होंने न केवल आग उगल रहे युवराज को पवेलियन भेजा, बल्कि अपनी टीम के लिए 4 ओवर में 31 रन देकर 1 अहम विकेट लिया। हालांकि, युवराज ने अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 27 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 62 रन बनाए। इस तरह से इस जंग में युवराज का कोई नुकसान नहीं हुआ।