Ind vs SL: श्रीलंका को हरा भारत ने कर ली पाकिस्तान के रिकॉर्ड की बराबरी
India vs Sri Lanka इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ सबसे ज्यादा बार जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड भी बनाया।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को श्रीलंका के खिलाफ पुणे टी20 में जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ सबसे ज्यादा बार जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड भी बनाया। वह पाकिस्तान के साथ संयुक्त रूप से पहले नंबर पर आ गया है।
भारत ने श्रीलंका को तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 से हराकर सीरीज पर कब्जा किया। टीम इंडिया की श्रीलंका को खिलाफ यह 13वीं टी20 जीत थी। इस जीत के साथ ही भारत ने पाकिस्तान के सबसे ज्यादा बार श्रीलंका को हराने का रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
भारत ने की पाकिस्तान की बराबरी
टी20 क्रिकेट में श्रीलंका की टीम को सबसे ज्यादा बार हराने के मामले में पाकिस्तान के नाम जो वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज था अब वह उससे छिन गया है। पाकिस्तान और भारत अब संयुक्त रूप से इस रिकॉर्ड को शेयर कर रहे हैं। दोनों ही टीमों ने श्रीलंका पर सबसे ज्यादा 13 बार टी20 जीत दर्ज की है।
किसी टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा टी20 जीत
मैच 19 जीत 13 भारत vs श्रीलंका
मैच 21 जीत 13 पाकिस्तान vs श्रीलंका/न्यूजीलैंड
मैच 21 जीत 13 इंग्लैंड vs न्यूजीलैंड
मैच 15 जीत 12 अफगानिस्तान vs आयरलैंड
मैच 23 जीत 12 पाकिस्तान vs ऑस्ट्रेलिया
भारत श्रीलंका टी20 सीरीज का नतीजा
श्रीलंका के खिलाफ भारत ने अब तक कुल 7 टी20 सीरीज खेला है। इसमें से टीम इंडिया ने कुल 6 में जीत हासिल की है जबकि एक सीरीज बराबर रहा था। यह भारत की श्रीलंका पर छठी टी20 सीरीज जीत है। इसी के साथ किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा द्विपक्षीय टी20 सीरीज जीतने का रिकॉर्ड भी भारत के नाम पर दर्ज हो गया है।
भारत ने 2-0 से जीती टी20 सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टी20 मैच गुवाहाटी में खेला जाना था लेकिन बारिश की वजह से इसे रद करना पड़ा था। इंदौर में भारत ने 7 विकेट से जीत दर्ज की थी जबकि आखिरी मुकाबला में टीम ने 78 रन के बड़े अंतर से श्रीलंका को मात दे कर सीरीज अपने नाम की।