ICC World cup 2019: खतरे में पड़ गया विश्व कप में बना यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल का ये शानदार रिकॉर्ड
ICC world cup 2019 विश्व कप के एस सीजन में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम पर है।
नई दिल्ली, जेएनएन। ICC world cup 2019 वनडे विश्व कप 2019 इस वक्त अपने चरम पर है। विश्व कप मैचों के दौरान एक से बढ़कर एक रिकॉर्ड बन रहे हैं और पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त हो रहे हैं। इसी फेहरिस्त में एक रिकॉर्ड अब टूटने के काफी करीब आ गया है जो यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल (Chris Gayle) के नाम पर है। क्रिस गेल विश्व कप टूर्नामेंट के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं। पर इंग्लैंड (England) के कप्तान इयोन मॉर्गन (Eoin Morgan) ने इस टूर्नामेंट के 24वें मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ जिस तरह की बल्लेबाजी और छक्के लगाए उससे तो यही लग रहा है कि वो गेल के रिकॉर्ड को जल्द ही तोड़ देंगे।
क्रिस गेल का रिकॉर्ड टूटने की कगार पर
वनडे विश्व कप के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज क्रिस गेल हैं। वेस्टइंडीज के तूफानी बल्लेबाज गेल ने वर्ष 2015 में खेले गए 11वें विश्व कप में सबसे ज्यादा 26 छक्के लगाए थे। एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का ये रिकॉर्ड है। अब इस विश्व कप में इंग्लैंड के कप्तान मॉर्गन ने अब तक कुल 22 छक्के लगाए हैं। यानी वो गेल का रिकॉर्ड तोड़ने से सिर्फ पांच छक्के दूर हैं। वैसे भी मॉर्गन लय में आने के बाद जिस तरह की तूफानी बल्लेबाजी करते हुए उससे तो यही लग रहा है कि वो जल्द ही यानी इस सीजन में गेल को पीछे छोड़ देंगे। विश्व कप के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में तीसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स हैं। उन्होंने भी वर्ष 2015 विश्व कप के दौरान कुल 21 छक्के लगाए थे।
विश्व कप के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप चार बल्लेबाज ये हैं-
क्रिस गेल- 26 (2015)
इयोन मॉर्गन- 22* (2019)
एबी डिविलियर्स- 21 (2015)
मैथ्यू हेडेन- 18- (2007)
इस विश्व कप में अब तक सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज-
इंग्लैंड में खेले जा रहे इस विश्व कप में मॉर्गन ने एक मैच में 17 छक्के लगाकर तहलका मचा दिया और कई रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए। मॉर्गन पांच मैचों में अब तक कुल 22 छक्के लगा चुके हैं और पहले नंबर पर हैं। दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के एरोन फिंच हैं जिन्होंने अब तक खेले 5 मैचों में कुल 14 छक्के जड़े हैं। वहीं तीसरे नंबर पर रोहित शर्मा हैं जिन्होंने तीन मैचों में छह छक्के लगाए हैं। रोहित के बाद चौथा नंबर इंग्लैंड के ही जोस बटलर का है जिनके नाम पर 5 मैचों में 6 छक्के हैं। पांचवें स्थान पर इंग्लैंड के ही जेसन रॉय हैं जिनके नाम पर 4 मैचों में पांच छक्के हैं। इस वक्त तक छक्के लगाने के मामले में टॉप पांच पर तीन बल्लेबाज इंग्लैंड के ही हैं। वहीं क्रिस गेल ने इस टूर्नामेंट में अब तक पांच मैचों में चार छक्के जड़े हैं।
मॉर्गन ने वनडे की एक पारी में लगाए सबसे ज्यादा छक्के
इयोन मॉर्गन ने वनडे की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड तोड़ दिया जो पहले रोहित शर्मा के नाम पर था। रोहित ने एक मैच में 16 छक्के लगाए थे। मॉर्गन ने 17 छक्के लगाकर इस रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। रोहित के अलावा क्रिस गेल व एबी डिविलियर्स भी एक पारी में 16-16 छक्के लगा चुके हैं।
वनडे मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी
इयोन मोर्गन 17 छक्के
रोहित शर्मा 16 छक्के
एबी डिविलियर्स 16 छक्के
क्रिस गेल 16 छक्के
शेन वॉटसन 15 छक्के
विश्व कप की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप