हसीन ने शमी से छुपाया था पहली शादी का राज, पहले पति की दोनों बेटियों को बताया था बड़ी बहन की बेटियां
हसीन ने शमी को धोखे में रखकर उनसे शादी की थी।
अमरोहा, [आसिफ अली]। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मुहम्मद शमी पर संगीन आरोप लगाने वाली उनकी पत्नी हसीन जहां पहले से शादीशुदा थीं, ये अब सभी लोग जान गए हैं। इसमें शमी ने अब नया खुलासा किया है। कहा है कि हसीन ने उनसे पहली शादी की बात छुपाई थी। अपनी दोनों बेटियों को हसीन ने भांजी बताया था।
कहा था कि वह दोनों उसकी बड़ी बहन की बेटी हैं। शमी ने बताया कि शादी के बाद जब उनको पत्नी हसीन के इस फरेब के बारे में पता चला तो उन्होंने इसे नजरअंदाज करते हुए दोनों बेटियों को अपना लिया था। उन्हें अपनी बेटी आएरा की तरह ही प्यार देने लगे थे। इसकी पुष्टि हसीन की दोनों बेटियां भी कर चुकी हैं। शमी का कहना है कि उनकी पत्नी हसीन जहां ने उन्हें धोखे में रखकर शादी की थी।
उन्होंने बुधवार को दैनिक जागरण से फोन पर यह राज साझा किया। बताया कि वर्ष 2012 में वह हसीन से आईपीएल मैच के दौरान कोलकाता में मिले थे। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। 2014 में शादी भी कर ली। उस समय तक हसीन ने अपनी पिछली ङ्क्षजदगी के बारे में कुछ नहीं बताया था। बताया कि उनके अफेयर के दौरान हसीन दोनों बच्चियों से फोन पर बात करती थीं। बच्चियां उनके पास भी मिलने आती थीं। उनके नाम आफरीन जहां और अरशी जहां हैं। दोनों को हसीन ने अपनी भांजी बताया था।
दो दिन तक शमी और हसीन में हुई वाट्सएप चैट
पति मुहम्मद शमी पर आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराने वाली हसीन जहां ने एक सप्ताह बाद वाट्सएप पर चैट करके बात की। दोनों के बीच दो दिन तक हुई बात बेनतीजा रही है। तीसरे दिन हसीन ने शमी को व्हाट्सएप पर ब्लॉक कर दिया। जबकि शमी के वाट्सएप पर पत्नी हसीन के साथ का फोटो ही लगा है।
हसीन ने पति शमी पर सोशल मीडिया के जरिये पांच मार्च को संगीन आरोप लगाए थे। इसके बाद शमी ने हसीन से फोन पर बात करने की कई बार कोशिश की, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। शमी ने फोन पर हुई वार्ता में बताया कि वाट्सएप पर भी मैसेज भेजे, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। अलबत्ता गुरुवार को उन्हें ब्लॉक कर दिया था, लेकिन सोमवार सुबह हसीन जहां ने अनब्लॉक कर मैसेज का जवाब दिया। इसके बाद दोनों में चैट होने लगी, जो मंगलवार तक चली। बुधवार सुबह फिर से हसीन ने उन्हें ब्लॉक कर दिया। अब इस दौरान दोनों के बीच क्या बात हुई इसका तो पता नहीं चल सका।