IPL में हर नंबर पर सबसे ज्यादा 6 लगाने वाले बल्लेबाज, रोहित, रैना, गेल व Dhoni लिस्ट में शामिल
IPL में पहले और दूसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा छक्के क्रिस गेल के नाम पर है। वहीं रोहित व रैना भी लिस्ट में शामिल हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। Most no of 6 in IPL at each batting position: इंडियन प्रीमियर लीग के पिछले 12 सीजन में 8000 से भी ज्यादा छक्के लग चुके हैं और अब तक खेले गए हर सीजन में 500 से ज्यादा छक्के लगे हैं। छक्के लगने के मामले में साल 2018 सीजन सबसे आगे हैं और इस सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगे थे। इस लीग में अगर हम बिग हिटर्स की बात करते हैं तो जो नाम सबसे पहले जेहन में आते हैं उनमें क्रिस गेल, सुरेश रैना, रोहित शर्मा, महेंद्र सिंह धौनी, पोलार्ड व आंद्रे रसेल जैसे बल्लेबाज शामिल हैं। यही नहीं ये बल्लेबाज कितने बड़े हिटर हैं ये कमाल का आंकड़ा इसे साबित करता है।
आइपीएल में पहले और दूसरे नंबर पर सबसे ज्यादा छक्के क्रिस गेल के नाम
आइपीएल में अब तक सबसे ज्यादा छक्के मारने वाले खिलाड़ी क्रिस गेल हैं और उनके आसपास भी कोई नहीं है। इस लीग के सिक्सर किंग क्रिस गेल ने अब तक पहले और दूसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा छक्के लगाए हैं। उन्होंने पहले नंबर पर बैटिंग करते हुए अब तक कुल 173 छक्के जड़े हैं जबकि दूसरे नंबर पर उनके नाम पर कुल 153 छक्के हैं।
इस लीग में तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज सुरेश रैना हैं जिन्होंने पिछले 12 सीजन में कुल 173 छक्के लगाए हैं जबकि चौथे नंबर पर 102 छक्कों के साथ रोहित शर्मा मौजूद हैं। महेंद्र सिंह धौनी पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा सिक्स जड़ने वाले खिलाड़ी हैं और उनके नाम पर कुल 90 छक्के हैं।
हरभजन सिंह आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर रखा है और उन्होंने अब तक कुल 23 छक्के लगाए हैं। सबसे आखिरी यानी 11वें नंबर पर कई बल्लेबाजों ने एक-एक छक्के लगाए हैं।
आइपीएल में हर बल्लेबाजी पोजीशन पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
1 - क्रिस गेल (173)
2 - क्रिस गेल (153)
3 - सुरेश रैना (173)
4 - रोहित शर्मा (102)
5 - महेंद्र सिंह धौनी (90)
6 - किरोन पोलार्ड (74)
7 - आंद्रे रसेल (38)
8 - हरभजन सिंह (23)
9 - प्रवीण कुमार, ब्रेट ली (6)
10 - प्रवीण कुमार (5)
11 - इशांत शर्मा, लसिथ मलिंगा, अनिकेत, अंकित, कृष्णकांत (1)