149 सालों में पहली बार, ऑस्ट्रेलिया ने टेस्ट में अपनी प्लेइंग 11 उतारकर ही बना डाला वर्ल्ड रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया ने 149 साल के इतिहास में अपनी सबसे उम्रदराज प्लेइंग-11 उतारी है।
-1791551293893_m.webp)
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला शुक्रवार से डरबन में हो रहा है। इस दौरान पैट कमिंस की कप्तानी वाली टीम ने वो कर दिखाया, जो क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के 149 साल के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ। ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग-11 में सभी खिलाड़ी 30 या उससे ज्यादा उम्र के खेल रहे हैं, जो अपने आप में ही एक अनोखा रिकॉर्ड बन गया है।
बता दें कि कमिंस ने मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। ऑस्ट्रेलियाई टीम में 38 साल के नाथन लॉयन सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। वहीं सबसे युवा प्लेयर में मैथ्यू रेनशॉ का नाम है। रेनशॉ की उम्र 30 साल है।
पांच प्लेयर्स 35 के पार
ऑस्ट्रेलियाई टीम में पांच प्लेयर्स की उम्र 35 या उससे ज्यादा है। लॉयन के अलावा स्टीव स्मिथ (37), मिचेल स्टार्क (36), एलेक्स कैरी (35) और जोश हेजलवुड (35) टीम में सबसे ज्यादा उम्र के खिलाड़ी हैं। टीम के अंदर 10 साल बाद निक मैडिंसन की वापसी हुई है. वो प्लेयर भी 34 साल का है।
कमिंस की कप्तानी वाली टीम के प्लेइंग-11 की औसतन उम्र 34.59 है। क्रिकेट स्टैटिस्टिसियन रिक फिनले के मुताबिक यह इतिहास की सातवीं और 100 सालों में सबसे ज्यादा उम्र वाली प्लेइंग-11 है।
18 सदस्यीय स्क्वाड में भी सिर्फ तीन खिलाड़ी 30 की उम्र के नीचे
ऑस्ट्रेलिया की 18 सदस्यीय स्क्वाड की भी औसतन उम्र 30 के पार है। पूरे स्क्वाड में सिर्फ तीन ही खिलाड़ी 30 की उम्र के नीचे हैं, जिसमें कूपर कोनोली (23) सबसे युवा हैं। वहीं, कैमरन ग्रीन 27 और सैम हार्पर 29 साल के हैं।
रेनशॉ और कमिंस ने संभाली पारी
मुकाबले की बात करें तो, साउथ अफ्रीका ने सिर्फ 124 रनों के स्कोर पर ही ऑस्ट्रेलिया के छह विकेट गिरा दिए थे, जिस वजह से कंगारु काफी मुश्किल में दिखाई पड़ रहे थे। मगर इसके बाद कप्तान कमिंस और रेनशॉ ने पारी को संभाला है।
खबर लिखे जाने तक दोनों ने सातवें विकेट के लिए 41 रन जोड़ दिए हैं। रेनशॉ 38 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं, जबकि कमिंस 19 रन बनाकर उनका बखूबी साथ निभा रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 165/6 है। यहां से दोनों की नजर ऑस्ट्रेलिया को एक अच्छे स्कोर तक ले जाने पर होगी।
