IPL में दो अलग-अलग देशों में शतक लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं एबी डिविलियर्स
AB De Villiers is the only player to Score IPL Century in two Different countries IPL में एबी दो देशों में शतक लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। एबी डिविलियर्स दुनिया के बेहतरीन बल्लेबाजों में शुमार किए जाते हैं। हालांकि उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट करियर को अलविदा कह दिया है, लेकिन दुनिया के विभिन्न टी20 लीग में वो खेल रहे हैं। एबी आइपीएल में भी पिछले 12 साल से खेल रहे हैं और इस लीग में उनके किए गए प्रदर्शन को दरकिनार नहीं किया जा सकता है। वो इस लीग के शुरुआती साल यानी 2008 में ही इससे जुड़ गए थे। इन 12 सालों में एबी ने कई बार कई ऐसी पारियां खेली हैं जो यादगार बन गई।
इन्हीं पारियों में कुछ पारियां ऐसी भी है जिसके दम पर उन्होंने एक बेहतरीन रिकॉर्ड अपने नाम किया हुआ है। एबी इस लीग के एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने आइपीएल में दो अलग-अलग देशों में शतक लगाया है। उनके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज ये कमाल नहीं कर पाया है। दरअसल एबी के नाम पर इस लीग में तीन शतक दर्ज हैं। पहला शतक उन्होंने साल 2009 में साउथ अफ्रीका में लगाया था। इस साल यानी 2009 में भारत में आम चुनाव की वजह से आइपीएल का आयोजन साउथ अफ्रीका में किया गया था। उन्होंने वहां चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ नाबाद 105 रन की पारी खेली थी।
इसके बाद उन्होंने इस लीग का दूसरा शतक साल 2015 में मुंबई के खिलाफ भारत में ही लगाया था। उन्होंने मुंबई के खिलाफ नाबाद 133 रन की पारी खेली थी और फिर साल 2016 में गुजरात लायंस के खिलाफ उन्होंने आइपीएल का तीसरा शतक लगाया था और नाबाद 129 रन बनाए थे। इस तरह से उन्होंने साउथ अफ्रीका और भारत दोनों ही जगह आइपीएल में शतक लगाया है। एबी की शतकीय पारी में एक और कमाल ये है कि उन्होंने तीन शतक लगाए हैं और तीनों ही बार नाबाद रहे हैं।
एबी के आइपीएल में तीन शतक-
105* विरुद्ध चेन्नई सुपर किंग्स (2009, साउथ अफ्रीका)
133* विरुद्ध मुंबई इंडियंस (2015, भारत)
129* विरुद्ध गुजरात लायंस (2016, भारत)
डिविलियर्स ने आइपीएल में पिछले 12 साल में 154 मैचों में 39.95 की औसत से 4395 रन बनाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 133 है जबकि उनका स्ट्राइक रेट 151.23 का है। उनके नाम तीन शतक और 33 अर्धशतक दर्ज हैं।