पाकिस्तान की मदद करने पर ट्रोल हुए युवराज सिंह तो कुछ ऐसे दिया जवाब, बोले- मैं इंडियन ही हूं
युवराज सिंह ने पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी शाहिद अफरीदी के फाउंडेशन को कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए डोनेशन दी थी जिसके लिए उनको ट्रोल किया गया।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज युवराज सिंह ने पाकिस्तान टीम के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी के फाउंडेशन को डोनेशन दी थी, जिससे कि वे वहां के लोगों की मदद कर पाएं, जो कोरोना वायरस की वजह से परेशान हैं। ट्विटर के जरिए युवराज सिंह ने इस बात का खुलासा किया था कि वे शाहिद अफरीदी के फाउंडेशन की मदद कर रहे हैं, जिससे कि पाकिस्तान के जरूरतमंद लोगों को खाना-पीना मिल सके।
इंसानियत के नाते की गई इस मदद को कुछ लोगों ने गलत तरीके से पेश किया और फिर युवराज सिंह को ट्रोल का शिकार होना पड़ा। ऐसे में युवराज सिंह ने सफाई दी है। बुधवार की शाम को युवराज सिंह ने ट्वीट किया और लिखा कि मेरा इरादा किसी की भावनाओं को आहत करने का नहीं था। हालांकि, युवराज सिंह ने कितने रुपये की मदद शाहिद अफरीदी के फाउंडेशन को दी इस बात का खुलासा नहीं किया था।
युवी ने किया ट्वीट
युवराज सिंह ने अपने बयान में कहा है, "मुझे वास्तव में समझ में नहीं आता कि कैसे सबसे कमजोर लोगों की मदद करने के लिए एक संदेश को हवा में उड़ा दिया गया! उस संदेश के माध्यम से मैंने जो कुछ हासिल करने की कोशिश की, वह हेल्थकेयर प्रदान करके कोविड 19 की वजह से परेशान लोगों की मदद करना था। मेरा इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था। मैं एक भारतीय हूं और मैं हमेशा ब्लीड ब्लू रहूंगा और हमेशा मानवता के लिए खड़ा रहूंगा। जय हिंद।"
pic.twitter.com/7h0t9009Gz— yuvraj singh (@YUVSTRONG12) April 1, 2020
इससे पहले मदद करते हुए युवी ने लिखा था, "ये कठिन समय है। यह उन लोगों की देखभाल भी करने का समय है जो इस समय जरूरत की निगाहों से देख रहे हैं। चलिए अपना योगदान दीजिए, मैं शाहिद अफरीदी फाउंडेशन की मदद कोविड 19 से लड़ने के लिए कर रहा हूं।" इस पर शाहिद अफरीदी ने भी जवाब दिया था और उनका धन्यवाद दिया था। अफरीदी ने लिखा था कि ये इंसानियत के नाते एक नेक कदम है।