IPL 2021 के विजेता को लेकर माइकल वॉन ने की भविष्यवाणी, वसीम जाफर ने कर दिया ट्रोल
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भविष्यवाणी की है कि मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस या डेविड वॉर्नर की कप्तानी वाली सनराइजर्स हैदराबाद की टीम खिताब जीतेगी। अब इसे लेकर वसीम जाफर ने उन्हें ट्रोल कर दिया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। इंडियन प्रीमियर लीग 2021 (IPL 2021) शुरू होने में महज एक दिन बाकी है। इससे पहले इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने बुधवार को भविष्यवाणी करते हुए कहा कि मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) या डेविड वॉर्नर की कप्तानी वाली सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीम इस बार खिताब जीतेगी। अब इसे लेकर टीम इंडिया के पूर्व ओपनर वसीम जाफर ने उन्हें ट्रोल कर दिया है।
जाफर ने माइकल वॉन के ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए एक फनी मीम शेयर किया। उन्होंने सलमान खान की एक फिल्म की फोटो शेयर की है। इस पर मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम का नाम लिखा है। इसमें नीचे कुछ लड़कों की फोटो है, जिसका मतलब बाकी की फ्रेंचाइजियों से है।
— Wasim Jaffer (@WasimJaffer14) April 7, 2021
क्या कहा था माइकल वॉन ने?
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने बुधवार को ट्वीट करके आइपीएल 2021 के विजेताओं की भविष्यवाणी की। उन्होंने कहा कि IPL 2021 के लिए प्रारंभिक भविष्यवाणी... मुंबई इंडियंस की टीम इसे जीतेगी। अगर उनका फॉर्म खराब रहता है, तो सनराइजर्स हैदराबाद इसे जीतेगी। वॉन ट्विटर पर ऐसे बयान देते रहते हैं। पिछले महीने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने कहा था कि मुंबई इंडियंस की टीम टीम इंडिया से बेहतर टी-20 टीम है।
मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच पहला मैच
बता दें कि आइपीएल 2021 का पहला मैच नौ अप्रैल को मुंबई इंडियंस (MI) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के बीच खेला जाएगा। यह मुकबला चेन्नई में एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। कोरोना संक्रमण महामारी के बीच आइपीएल 2020 यूएई में खेला गया था। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई की टीम इसमें विजेता बनी थी। टीम पांच बार अब तक यह खिताब अपने नाम कर चुकी है। अगर इस बार भी वह खिताब जीतती है, तो लगातार तीसरी बार चैंपियन बनेगी। वहीं दूसरी ओर विराट कोहली की अगुवाई वाली बैंगलोर की टीम अपने पहले खिताब की तलाश में है।